रासबिहारी इलाके में कार के ऊपर गिरा पेड़joyonto das
कोलकाता सिटी
महालया से पहले बिगड़ा मौसम, बिजली कड़कने का अलर्ट
3 जिलों में आंधी-तूफान के साथ बिजली कड़कने की संभावना
शुक्रवार से रविवार तक बारिश का दौर रहेगा जारी
मुनमुन, सन्मार्ग संवाददाता
कोलकाता :
दुर्गा पूजा में अब कुछ ही दिन शेष हैं, लेकिन इससे पहले मौसम ने पूजा आयोजकों और श्रद्धालुओं की चिंता बढ़ा दी है। अलीपुर मौसम विभाग के अनुसार, महालया से पहले राज्य के कई हिस्सों में हल्की से मध्यम बारिश हो सकती है। इस दौरान 30 से 40 किलोमीटर प्रति घंटे की रफ्तार से तेज हवाएं चलने की भी संभावना है। गुरुवार यानी आज से कोलकाता समेत दक्षिण बंगाल के कई जिलों में बारिश की तीव्रता बढ़ने के आसार हैं। इसके साथ ही कई इलाकों में बिजली कड़कने और आंधी-तूफान की आशंका जताई गई है।
महालया के बाद बारिश की तीव्रता घटने के संकेत
दक्षिण बंगाल में आज मौसम सबसे अधिक सक्रिय रहने की संभावना है। सभी जिलों के लिए येलो अलर्ट जारी किया गया है। खासकर बर्दवान, नदिया और मुर्शिदाबाद में बिजली चमकने के साथ आंधी-तूफान की अधिक संभावना है। इससे महालया पर होने वाले तर्पण कार्यक्रमों में भी परेशानी आ सकती है। श्रद्धालुओं से मौसम को देखते हुए सावधानी बरतने की अपील की गई है। वहीं उत्तर बंगाल में भी मौसम खराब रहने की संभावना है। दार्जिलिंग, जलपाईगुड़ी और दक्षिण दिनाजपुर में भारी बारिश को लेकर ऑरेंज अलर्ट जारी किया गया है। शुक्रवार से रविवार तक कुछ इलाकों में छिटपुट बारिश जारी रह सकती है। हालांकि सोमवार से उत्तर बंगाल में मौसम में सुधार आने के संकेत हैं।

