ब्लू लाइन के बाद अब ग्रीन लाइन पर भी मेट्रो सेवा बाधित, यात्रियों को झेलनी पड़ी परेशानी

ग्रीन लाइन मेट्रो पर बुधवार सुबह आई अचानक यांत्रिक खराबी तत्काल अप और डाउन दोनों दिशाओं की ट्रेनों को रोका गया
ब्लू लाइन के बाद अब ग्रीन लाइन पर भी मेट्रो सेवा बाधित, यात्रियों को झेलनी पड़ी परेशानी
Published on

सन्मार्ग संवाददाता

कोलकाता : कोलकाता मेट्रो की तकनीकी समस्याएं अब लगातार सामने आ रही हैं। ब्लू लाइन के बाद अब ग्रीन लाइन पर बुधवार को मेट्रो सेवाएं बाधित हो गईं, जिससे यात्रियों को काफी कठिनाइयों का सामना करना पड़ा। हावड़ा मैदान से सेक्टर 5 के बीच चलने वाली ग्रीन लाइन मेट्रो पर बुधवार सुबह अचानक यांत्रिक खराबी आ गई। यह समस्या सुबह 11 बजे के आसपास शुरू हुई और जैसे ही इसकी जानकारी अधिकारियों को मिली, तत्काल अप और डाउन दोनों दिशाओं की ट्रेनों को रोक दिया गया।

कई यात्रियों को स्टेशन पहुंचने के बाद मिली जानकारी

कई यात्रियों को स्टेशन पहुंचने के बाद ही इस व्यवधान की जानकारी मिली, जिससे उन्हें अपने गंतव्य तक पहुंचने के लिए वैकल्पिक साधनों का सहारा लेना पड़ा। कुछ यात्रियों ने नाराजगी जताते हुए कहा कि अब ग्रीन लाइन भी ब्लू लाइन की राह पर चल रही है। गौरतलब है कि पिछले कुछ समय से ब्लू लाइन (दक्षिणेश्वर से शहीद खुदीराम के बीच) पर मेट्रो सेवाएं लगातार प्रभावित हो रही है। तकनीकी खराबियों, सिग्नलिंग दिक्कतों और रेक की समस्याओं के चलते यात्रियों को बार-बार असुविधा का सामना करना पड़ रहा है। फिलहाल मेट्रो प्रशासन ने समस्या के जल्द समाधान का आश्वासन दिया है, लेकिन यात्रियों की उम्मीदें अब लगातार धूमिल होती जा रही हैं।

Google पर संवाद सर्च बनाएं →
logo
Sanmarg Hindi daily
sanmarg.in