

कोलकाता : नारी शक्ति, बहनचारे और परस्पर सहयोग की भावना को समर्पित ऑल लेडीज लीग (ALL), पश्चिम बंगाल चैप्टर का वार्षिक कार्यक्रम ‘शक्ति बंधन 2026’ गुरुवार को कोलकाता में आयोजित हुआ। समारोह में महिलाओं की एकजुटता, सहयोग और सशक्तिकरण का संदेश प्रमुखता से सामने आया।
कार्यक्रम में ALL की वैश्विक अध्यक्ष डॉ. हरबीन अरोड़ा राय, प्रख्यात नृत्यांगना एवं कोरियोग्राफर तनुश्री शंकर तथा सन्मार्ग समूह की अध्यक्ष रुचिका गुप्त विशेष रूप से उपस्थित रहीं।
समारोह का उद्घाटन, एएलएल पश्चिम बंगाल चैप्टर की अध्यक्ष एवं डब्ल्यूआईसीसीआई पूर्व भारत की उपाध्यक्ष इंदु गांधी तथा डब्ल्यूआईसीसीआई पूर्व भारत की अध्यक्ष मंजुला जैन ने किया। इस अवसर पर विशिष्ट अतिथियों को सम्मानित भी किया गया।
कार्यक्रम का मुख्य आकर्षण भारत की विविध सांस्कृतिक परंपराओं पर आधारित रंगारंग प्रस्तुतियां रहीं। कश्मीर से पंजाब, केरल, तमिलनाडु, असम और पश्चिम बंगाल की सांस्कृतिक झलक के बाद गोवा की लोक संस्कृति तथा गुजरात के गरबा-डांडिया ने माहौल को उत्सवमय बना दिया।
हिंदी, अंग्रेजी और बांग्ला में प्रस्तुत ‘पुकार’ ने भावनात्मक संदेश दिया। वहीं ‘एकता की गांठ’, ‘पांच तत्वों का ताना-बाना’ और ‘संस्कृति की मातृशक्तियां’ जैसे नाट्य मंचनों ने विविधता में एकता और महिलाओं की सामूहिक शक्ति को रेखांकित किया।
भव्य ग्रैंड फिनाले के साथ आयोजन संपन्न हुआ। ‘शक्ति बंधन 2026’ ने कोलकाता में यह संदेश मजबूती से दिया कि जब महिलाएं एक-दूसरे का हाथ थामकर आगे बढ़ती हैं, तो बहनचारे का यह बंधन व्यक्तिगत शक्ति से आगे बढ़कर समाज की सामूहिक शक्ति बनता हैं|