कोलकाता: मो. अली पार्क के पूजा पंडाल को लेकर शुरू हुआ गतिरोध रविवार दोपहर समाप्त हो गया। पूजा आयोजकों और पुलिस अधिकारियों के बीच हुई बैठक के बाद पंडाल दर्शनार्थियों के लिए पुनः खोल दिया गया। रविवार दोपहर से पंडाल में लोगों की भीड़ उमड़ने लगी। इसके पहले पूजा आयोजकों ने बताया था कि गलतफहमी के कारण शनिवार को पूजा पंडाल बंद किया गया था। अब वह गलतफहमी दूर हो चुकी है और पंडाल दर्शनार्थियों के लिए खोल दिया गया है। यूथ एसोसिएशन ऑफ मो. अली पार्क पूजा आयोजन समिति के ज्वाइंट सेक्रेटरी अशोक ओझा ने बताया कि सांसद सुदीप बंद्योपाध्याय और जोड़ासांको के विधायक विवेक गुप्त व नयना बंद्योपाध्याय के अथक प्रयास से गतिरोध समाप्त हुआ है। पुलिस की ओर से पूरी मदद मिल रही है और हमारी पुलिस के प्रति कोई शिकायत नहीं है। इससे पहले रविवार को दोपहर में डीसी सेंट्रल इंदिरा मुखर्जी और पूजा पंडाल आयोजकों के बीच बैठक हुई। बैठक के दौरान पुलिस की ओर से क्राउड सर्कुलेशन को लेकर आयोजकों की शिकायतें सुनी गईं और उन्हें दूर करने का वादा किया गया। पुलिस ने कहा कि अगर रविवार के बाद भी समस्या आती है तो पुनः इस पर बैठक कर फैसला लिया जाएगा। पूजा आयोजकों ने पुलिस के इस आश्वासन पर खुशी जताई। वहीं बैठक के दौरान पूजा आयोजन समिति के सदस्यों ने अपने हाथों में काले रंग की पट्टी बांध रखी थी। बैठक में पार्षद रेहाना खातुन, ज्वाइंट सेक्रेटरी अशोक ओझा, वर्किंग प्रेसिडेंट रमेश लाखोटिया, वाइस चेयरमैन ओम प्रकाश पोद्दार, ऑर्गनाइजर बिमल झुनझुनवाला, मो. शाहिद और महासचिव सुरेन्द्र शर्मा सहित कई अन्य वरिष्ठ अधिकारी मौजूद थे।
क्या था मामला
उल्लेखनीय है कि पंचमी की रात लगभग 8 बजे मो. अली पार्क के पूजा आयोजकों ने पुलिस पर आरोप लगाया था कि दर्शकों के लिए निर्धारित रूट को बदला गया, जिसके कारण उनके पंडाल में दर्शकों की संख्या कम हो गई। इस विरोध स्वरूप आयोजकों ने पूरे पंडाल की रोशनी बंद कर दी थी और पंडाल को बंद कर दिया था।