मथुरापुर में खाल से मानव कंकाल मिलने से इलाके में दहशत

सांकेतिक फोटो
सांकेतिक फोटो
Published on

रामबालक, सन्मार्ग संवाददाता

दक्षिण 24 परगना : जिले के मथुरापुर थाना क्षेत्र अंतर्गत कालीपुर इलाके के पास स्थित एक खाल (नहर) से मानव कंकाल मिलने की घटना से बुधवार को पूरे इलाके में सनसनी फैल गई। सुबह के समय स्थानीय लोगों ने खाल के पानी में मानव कंकाल पड़ा देखा, जिसके बाद इसकी सूचना तत्काल मथुरापुर थाने की पुलिस को दी गई। सूचना मिलते ही मथुरापुर थाने की पुलिस मौके पर पहुंची और क्षेत्र को घेराबंदी कर कंकाल को अपने कब्जे में लिया। प्राथमिक जांच के बाद पुलिस ने फॉरेंसिक विभाग को सूचना दी। कुछ ही देर में फॉरेंसिक टीम घटनास्थल पर पहुंची और कंकाल से आवश्यक नमूने एकत्र किए। कंकाल कितने समय से खाल में पड़ा था और वह पुरुष का है या महिला का, इसका फिलहाल पता नहीं चल पाया है। पुलिस अधिकारियों का कहना है कि फॉरेंसिक जांच रिपोर्ट आने के बाद ही यह स्पष्ट हो सकेगा कि यह मामला हत्या से जुड़ा है या किसी अन्य कारण से कंकाल वहां पहुंचा। पुलिस आसपास के थाना क्षेत्रों में दर्ज लापता लोगों की शिकायतों की भी जांच कर रही है। साथ ही यह पता लगाने का प्रयास किया जा रहा है कि कंकाल किसी हालिया घटना से जुड़ा है या पुराना है। घटना की खबर फैलते ही बड़ी संख्या में स्थानीय लोग घटनास्थल के पास जमा हो गए। कंकाल मिलने से इलाके में भय और दहशत का माहौल है। स्थानीय लोगों का कहना है कि इस क्षेत्र में पहले कभी इस तरह की घटना सामने नहीं आई थी, जिससे लोग काफी सहमे हुए हैं। पुलिस ने लोगों से शांति बनाए रखने की अपील की है और भरोसा दिलाया है कि मामले की गंभीरता से जांच की जा रही है। सुंदरवन पुलिस का कहना है कि जांच पूरी होने के बाद ही पूरे मामले की सच्चाई सामने आ सकेगी।

संबंधित समाचार

No stories found.

कोलकाता सिटी

No stories found.

खेल

No stories found.
logo
Sanmarg Hindi daily
sanmarg.in