5-6 दिसंबर को कोलकाता आएंगी माता अमृतानंदमयी देवी

आयोजन समिति के अध्यक्ष बने सुशील पोद्दार, पश्चिम बंगाल के 50 गांवों में शुरू होगी ‘जीवामृतम’ स्वच्छ पेयजल परियोजना
Kolkata
सुशील पोद्दार
Published on: 

सन्मार्ग संवाददाता

कोलकाता : विश्वविख्यात आध्यात्मिक संत माता अमृतानंदमयी देवी (अम्मा) 5 और 6 दिसंबर 2026 को कोलकाता के दौरे पर रहेंगी। इस दौरान बजबज रोड स्थित माता अमृतानंदमयी मठ के आश्रम परिसर में दो दिवसीय सार्वजनिक कार्यक्रम आयोजित होगा। इस आयोजन के लिए मठ की ओर से सुशील पोद्दार को आयोजन समिति का अध्यक्ष नियुक्त किया गया है।

सुशील पोद्दार ने बताया कि अम्मा 29 अक्टूबर से भारत यात्रा पर हैं। प्रेम, करुणा, मानवता और निःस्वार्थ सेवा को समर्पित अम्मा जाति, धर्म और राष्ट्रीयता से ऊपर उठकर भाईचारे का संदेश देती हैं। उनके मार्गदर्शन में शिक्षा, स्वास्थ्य, आवास और महिला सशक्तीकरण के क्षेत्र में अनेक कल्याणकारी कार्य किए जा रहे हैं।

स्वामी विजयामृतानंद पुरी जी ने बताया कि मठ की ‘जीवामृतम-सुरक्षित पेयजल परियोजना’ के प्रथम चरण में पश्चिम बंगाल के 50 गांवों में जल शुद्धिकरण संयंत्र लगाए जाएंगे। बाद में अन्य 50 गांवों तक इसका विस्तार करने की योजना है। देश के 12 राज्यों में अब तक इस परियोजना के तहत 302 संयंत्र स्थापित किए जा चुके हैं।

मठ ने दुर्गापुर में 500 मकान और पानीहाटी में 275 फ्लैट भी बनवाए हैं। इसके अलावा नमामि गंगे परियोजना में 10 करोड़ रुपये का योगदान दिया है। फरीदाबाद में 2400 बिस्तरों वाले सुपर स्पेशियलिटी अस्पताल का निर्माण भी संस्था की प्रमुख उपलब्धियों में शामिल है।

5 दिसंबर को मुख्यमंत्री सुवेंदु अधिकारी जीवामृतम परियोजना का उद्घाटन करेंगे, जबकि 6 दिसंबर को राज्यपाल आर.एन. रवि कार्यक्रम में उपस्थित रहेंगे। सुशील पोद्दार ने आयोजन की सफलता के लिए मीडिया, सामाजिक संस्थाओं और श्रद्धालुओं से सहयोग की अपील की।

सन्मार्ग को Google पर पसंदीदा सोर्स बनाएं →
Follow Sanmarg on Google News