

कोलकाता : बड़ाबाजार में एक स्वर्ण व्यवसायी से 386 ग्राम सोना लेकर एक युवक फरार हो गया। घटना पोस्ता थाना अंतर्गत एम.डी. रोड की है। पीड़ित स्वर्ण व्यवसायी लक्ष्मण खंडारे ने पोस्ता थाने में शिकायत दर्ज कराई है। पुलिस सूत्रों के अनुसार, लक्ष्मण खंडारे ने अपनी शिकायत में बताया कि आरोपित विनोद साव पिछले एक वर्ष से उनके यहां नियमित ग्राहक था और सोना उधार (क्रेडिट) पर लेता था। वह उधार लिए गए सोने की कीमत 2-3 घंटे के भीतर चुका देता था। 19 फरवरी 2026 को दोपहर लगभग 2 बजे विनोद साव उनकी दुकान पर पहुंचा और व्यवसायी के स्टाफ महादेव शिवाजी खंडारे से सोना देने की मांग की। शाम करीब 7 बजे विनोद ने स्टाफ से 386 ग्राम सोना लिया और 2-3 घंटे में भुगतान करने का आश्वासन दिया। हालांकि, इसके बाद विनोद साव ने न तो सोना लौटाया और न ही भुगतान किया। दुकानदार और उनके स्टाफ ने उसके मोबाइल पर कई बार संपर्क करने की कोशिश की, लेकिन फोन बंद मिला। स्वर्ण व्यवसायी का कहना है कि अब तक न तो सोना वापस किया गया है और न ही उसकी कीमत चुकाई गई है, जिससे प्रतीत होता है कि आरोपित ने जानबूझकर सोना हड़प लिया है। फिलहाल पुलिस शिकायत के आधार पर मामले की जांच कर रही है।