

कोलकाता : न्यू मार्केट थाना इलाके में एक पुलिसकर्मी पर भुजाली से जानलेवा हमला करने के अभियुक्त को अदालत ने 10 साल कैद की सजा सुनायी है। अभियुक्त का नाम मो.एलीन है। घटना 9 सितंबर 2015 को घटी थी। सरकारी वकील आलोक कुमार दास ने बताया कि घटना के दिन ड्यूटी पर तैनात पुलिस कर्मी पर अभियुक्त ने भुजाली से ताबड़तोड़ हमला कर दिया। हमले में पुलिस कर्मी बुरी तरह घायल हो गया। अदालत में सुनवाई के दौरान 11 लोगों ने गवाही दी थी। गुरुवार को अदालत ने अभियुक्त मो.एलीन को दोषी करार देते हुए उसे 10 साल कैद की सजा सुनायी। अभियुक्त पर 10 हजार रुपये का जुर्माना भी लगाया गया। जुर्माने की राशि नहीं देने पर उसे अतिरिक्त तीन महीने की सजा काटनी होगी।