करया में व्यक्ति का अपहरण कर मांगी 20 लाख की फिरौती, आरोपी गिरफ्तार

अभियुक्त को 21 अगस्त तक पुलिस हिरासत, प्रयुक्त वाहन व हथियार बरामद
फाइल फोटो
फाइल फोटो
Published on

कोलकाता : महानगर के करया थाना क्षेत्र में अपहरण कर 20 लाख रुपये की फिरौती मांगने के मामले में पुलिस ने आरोपी निसत हैदर को गिरफ्तार कर लिया है। शुक्रवार को आरोपी को अलीपुर के मुख्य न्यायिक मजिस्ट्रेट (सीजेएम) की अदालत में पेश किया गया, जहां से उसे 21 अगस्त तक पुलिस कस्टडी में भेजने का आदेश दिया गया।

अदालत में मामले की सुनवाई के दौरान सरकारी वकील विकास दास ने बताया कि आरोपी पूर्व से ही पीड़ित से परिचित था। साजिश के तहत आरोपी ने पीड़ित को अपनी बातों में फंसाकर वाहन में बैठाया। इसके बाद उसने पीड़ित के साथ मारपीट कर उसका मोबाइल फोन छीन लिया और दबाव बनाकर उसके परिजनों से 20 लाख रुपये की फिरौती मंगवाई। घटना की जानकारी मिलते ही परिजनों ने करया थाने में शिकायत दर्ज कराई। पुलिस ने त्वरित कार्रवाई करते हुए आरोपी के फोन कॉल को ट्रेस किया और उसके ठिकाने पर छापेमारी कर निसत हैदर को धर दबोचा। आरोपी से पूछताछ के आधार पर पुलिस ने वारदात में प्रयुक्त गाड़ी और हथियार भी बरामद कर लिया है। मामले की तह तक पहुंचने के लिए पुलिस हिरासत की मांग की गई थी, जिसे अदालत ने स्वीकार कर लिया।

Google पर सन्मार्ग न्यूज़ पडे →
logo
Sanmarg Hindi daily
sanmarg.in