होटल बुकिंग के नाम पर व्यक्ति से 1.74 लाख की ठगी

बेहला निवासी के साथ हुई घटना
Kolkata
होटल बुकिंग के नाम पर ठगीYuri Arcurs
Published on

कोलकाता : उत्तराखंड घूमने की तैयारी कर रहे बेहला निवासी एक व्यक्ति को ऑनलाइन होटल बुकिंग के नाम पर साइबर ठगी का शिकार होना पड़ा। जालसाजों ने होटल बुकिंग का झांसा देकर क्रेडिट कार्ड के जरिए उसके खाते से कुल 1,74,888 रुपये निकाल लिए।

घटना 17 अगस्त की है। पीड़ित द्वारा मामले की शिकायत पुलिस से करने के बाद जांच शुरू कर दी गई है।

बुकिंग के नाम पर लिया भुगतान, ओटीपी साझा करते ही कटे 1.50 लाख

पुलिस के अनुसार, पीड़ित नैनीताल में होटल बुक करने के लिए एक अज्ञात मोबाइल नंबर के संपर्क में आया था। आरोप है कि सामने वाले ने खुद को होटल बुकिंग से जुड़ा व्यक्ति बताते हुए भरोसा दिलाया और भुगतान के लिए क्रेडिट कार्ड का इस्तेमाल कराया।

पीड़ित ने पहले होटल बुकिंग के लिए 24 हजार रुपये का भुगतान किया। इसके बाद उसे मोबाइल पर प्राप्त ओटीपी साझा करने को कहा गया। ओटीपी बताते ही उसके क्रेडिट कार्ड से 1,50,888 रुपये की अतिरिक्त राशि डेबिट हो गई।

दुर्गापूजा से पहले पर्यटकों को लेकर पुलिस ने जारी की चेतावनी

दुर्गापूजा के दौरान दार्जिलिंग, पुरुलिया जैसे पर्यटन स्थलों पर जाने वाले लोगों को लेकर पुलिस ने साइबर ठगी से सतर्क रहने की अपील की है। जांच अधिकारियों के मुताबिक ठग कभी नामी होटलों के एजेंट बनकर निजी खातों में एडवांस भुगतान करवाते हैं, तो कभी फर्जी होमस्टे और वेबसाइट तैयार कर पर्यटकों को निशाना बनाते हैं।

पुलिस ने लोगों से अपील की है कि होटल की स्वतंत्र रूप से पुष्टि किए बिना पूरी रकम अग्रिम न दें और ऑनलाइन बुकिंग के दौरान किसी अनजान व्यक्ति के साथ ओटीपी या बैंकिंग संबंधी जानकारी साझा न करें।

सन्मार्ग को Google पर पसंदीदा सोर्स बनाएं →
logo
Sanmarg Hindi daily
sanmarg.in