तेज रफ्तार ट्रक की टक्कर से बाइक सवार की मौत, दामाद घायल

मानिकतल्ला के ईएम बाइपास की घटना
फाइल फोटो
फाइल फोटो
Published on

कोलकाता: महानगर में शुक्रवार की देर रात एक तेज रफ्तार ट्रक की टक्कर से बाइक के पीछे बैठे एक व्यक्ति की मौत हो गई, जबकि उसका दामाद गंभीर रूप से घायल हो गया। यह दुर्घटना मानिकतला थानांतर्गत बंगाल केमिकल्स के पास ईएम बाईपास पर हुई।

पुलिस सूत्रों के अनुसार मृतक की पहचान संजय दास (42) के रूप में हुई है। वह मानिकतला थाना क्षेत्र के कैनाल साउथ रोड स्थित नेताजीनगर कॉलोनी का निवासी था। घटना के समय संजय अपने दामाद के साथ बाइक पर लेक टाउन से बेलियाघाटा की ओर जा रहे थे। बताया गया है कि बाइक उल्टाडांगा ब्रिज से उतरकर बंगाल केमिकल्स के सामने पहुंची ही थी कि तभी पीछे से तेज रफ्तार ट्रक ने उन्हें टक्कर मार दी।

प्रत्यक्षदर्शियों ने बताया कि दोनों बाइक सवारों ने हेलमेट नहीं पहन रखा था। टक्कर इतनी जोरदार थी कि दोनों सड़क पर छिटककर गिर पड़े। तुरंत उन्हें गंभीर स्थिति में विधाननगर स्टेट जनरल अस्पताल ले जाया गया। अस्पताल पहुंचते ही डॉक्टरों ने संजय दास को मृत घोषित कर दिया। उनके दामाद का इलाज अभी भी अस्पताल में जारी है।

दुर्घटना के बाद ट्रक चालक मौके से फरार हो गया। पुलिस ने मामला दर्ज कर जांच शुरू कर दी है। आसपास लगे सीसीटीवी कैमरों की फुटेज खंगाली जा रही है ताकि ट्रक चालक की पहचान की जा सके और घटना के सही कारणों का पता लगाया जा सके। पुलिस इस बात की भी जांच कर रही है कि दुर्घटना अत्यधिक गति, लापरवाही, सड़क की स्थिति या किसी अन्य कारण से हुई।

पुलिस ने लोगों से अपील की है कि बाइक चलाते समय हमेशा हेलमेट पहनें और सड़क पर सुरक्षित दूरी बनाए रखें। वही, ट्रक चालकों से भी अनुरोध किया गया है कि वे निर्धारित गति सीमा का पालन करें और सड़क पर सावधानी बरतें। इस दुर्घटना ने एक परिवार को अपूरणीय क्षति पहुंचाई है और सड़क सुरक्षा के प्रति चेतावनी का काम कर रही है।

संबंधित समाचार

No stories found.

कोलकाता सिटी

No stories found.

खेल

No stories found.
logo
Sanmarg Hindi daily
sanmarg.in