

सन्मार्ग संवाददाता
कोलकाता: विदेश में नौकरी दिलाने के नाम पर ठगी का एक बड़ा मामला सामने आया है। न्यूजीलैंड में नौकरी का झांसा देकर एक गिरोह ने पीड़ित से वीजा और मेडिकल के नाम पर 3 लाख 98 हजार रुपये ठग लिए। इस संबंध में पीड़ित की पत्नी ने मध्य कोलकाता के तालतला थाने में शिकायत दर्ज कराई है।
पुलिस के अनुसार, पीड़ित व्यक्ति तालतला के अलीमुद्दीन स्ट्रीट का रहने वाला है। इलाके के ही अब्दुल हलीम लेन में एक परिवार ने विदेश में नौकरी दिलाने का वादा कर फर्जी ऑफिस खोला था। पिछले साल अप्रैल में पीड़ित उस ऑफिस में गया था, जहां उसे न्यूजीलैंड में अच्छी सैलरी वाली नौकरी का झांसा दिया गया।
महिला ने अपने पति के लिए कई किस्तों में 2 लाख 98 हजार रुपये बैंक के जरिए और 1 लाख रुपये नकद उस परिवार के सदस्यों को दिए। इसके बदले में उन्हें व्हाट्सएप पर न्यूजीलैंड की एक कंपनी का ऑफर लेटर और कुछ दस्तावेज भेजे गए। हालांकि, इसके बाद वीजा की कोई व्यवस्था नहीं की गई।
महिला का आरोप है कि नौकरी से जुड़े ये सभी दस्तावेज फर्जी हैं। पिछले लगभग एक साल से महिला और उसके पति तालतला स्थित उस ऑफिस के चक्कर काट रहे थे और पैसे वापस मांग रहे थे, लेकिन उन्हें इसके बदले सिर्फ धमकियां दी गईं। आखिरकार परेशान होकर उन्होंने एक महिला समेत तीन लोगों के खिलाफ तालतला थाने में लिखित शिकायत दर्ज कराई है। पुलिस इस पूरे मामले की गहनता से जांच कर रही है।