

दीपक, सन्मार्ग संवाददाता
कोलकाता : बागुईआटी थाना क्षेत्र के एक कारोबारी को गिरवी रखे सोने के गहने दिलाने का झांसा देकर उससे करीब 13 लाख रुपये की ठगी का मामला सामने आया है। आरोप है कि रुपये लेने के बावजूद आरोपी ने न तो गहने दिलाए और न ही रकम लौटाई। पीड़ित की शिकायत पर बागुईआटी थाने की पुलिस ने मामला दर्ज कर जांच शुरू कर दी है।
पुलिस के अनुसार, शिकायतकर्ता चिनार पार्क निवासी पीयूष करेल ने बताया कि अलीपुर निवासी एक व्यक्ति ने उनसे संपर्क कर दावा किया कि एक गोल्ड फाइनेंस कंपनी के पास गिरवी रखे सोने के गहने उपलब्ध हैं। आरोपी ने कहा कि यदि बकाया ऋण की राशि का भुगतान कर दिया जाए तो गहने छुड़ाकर तुरंत उन्हें सौंप दिए जाएंगे। शिकायत के मुताबिक, 1 जून को आरोपी के कहने पर पीयूष करेल ने कई चरणों में आईएमपीएस, आरटीजीएस और यूपीआई के माध्यम से करीब 13 लाख रुपये उसके खाते में स्थानांतरित कर दिए। यह भुगतान इस भरोसे पर किया गया था कि गिरवी रखे गहने छुड़ाने के बाद उन्हें सौंप दिए जाएंगे।
आरोप है कि रकम मिलने के बाद भी आरोपी ने न तो गहने उपलब्ध कराए और न ही पैसे लौटाए। शिकायत में यह भी कहा गया है कि बाद में आरोपी ने भरोसा कायम रखने के लिए अपने केनरा बैंक खाते का एक कैंसल चेक दिया और गहने छुड़ाने के नाम पर अतिरिक्त नौ लाख रुपये की मांग की। जब पीड़ित ने बार-बार गहने या अपनी रकम वापस मांगी, तो आरोपी पहले फाइनेंस कंपनी की शाखा में तकनीकी समस्या का हवाला देता रहा। बाद में उसने कथित तौर पर पैसे लौटाने से इनकार कर दिया और धमकी भी दी। पीड़ित की शिकायत के आधार पर बागुईआटी थाना पुलिस ने आरोपी के खिलाफ भारतीय न्याय संहिता (बीएनएस) की धारा 318(4) (धोखाधड़ी), 316(2) और 351(2) के तहत मामला दर्ज कर जांच शुरू कर दी है। पुलिस मामले के सभी वित्तीय लेनदेन और उपलब्ध दस्तावेजों की जांच कर रही है।