ब्लैकमेलिंग और मानसिक प्रताड़ना से तंग आकर युवक ने की आत्महत्या!

पंचशायर थाना में मामला दर्ज
फाइल फोटो
फाइल फोटो
Published on

कोलकाता : महानगर में एक युवक ने कथित तौर पर गंभीर मानसिक प्रताड़ना और ब्लैकमेलिंग से तंग आकर फांसी लगाकर अपनी जान दे दी। घटना पंचशायर थाना इलाके की है। मृतक की पहचान सुदीप्तो पाल के रूप में हुई है। इस मामले में मृतक की पत्नी मनु पाल ने पंचशायर थाने में शिकायत दर्ज कराई है।

क्या है पूरा मामला

थाने में दर्ज कराई गई शिकायत के अनुसार, यह घटना बीते 23 जून 2026 की है, जब सुदीप्तो पाल का शव पंचशायर थाना क्षेत्र के अंतर्गत एक बस के अंदर फंदे से लटका हुआ मिला। पत्नी मनु पाल का आरोप है कि दक्षिण दमदमकी रहने वाली एक महिला से उनके पति की जान-पहचान थी। बाद में महिला ने अपने परिवार के साथ मिलकर सुदीप्तो को विभिन्न व्यक्तिगत मामलों को लेकर ब्लैकमेल करना और गंभीर मानसिक तनाव देना शुरू कर दिया।

शिकायत में एक बेहद चौंकाने वाला और क्रूर दावा किया गया है कि आरोपी महिला झूठी कहानियां और अपशब्द फैलाकर सुदीप्तो को लगातार डरा रही थी और उससे अवैध रूप से आर्थिक व अन्य फायदे उठाने की कोशिश कर रही थी। प्रताड़ना इस हद तक बढ़ गई कि जब सुदीप्तो पाल ने बस के अंदर आत्मघाती कदम उठाया, तब आरोपी महिला कथित तौर पर वीडियो कॉल के जरिए इस खौफनाक मंजर को लाइव देख रही थी, जबकि सुदीप्तो ने अपना फोन सामने की तरफ फिक्स कर रखा था। मृतक की पत्नी ने 1 जुलाई 2026 को पुलिस को पत्र सौंपकर आरोपी महिला और उसके सहयोगियों के खिलाफ सख्त कानूनी कार्रवाई करने और उन्हें तुरंत गिरफ्तार करने की मांग की है, ताकि पीड़ित परिवार को न्याय मिल सके। पुलिस ने शिकायत के आधार पर मामले की जांच शुरू कर दी है।

Google पर संवाद सर्च बनाएं →
logo
Sanmarg Hindi daily
sanmarg.in