पोस्ता में प्रेमिका पर चाकू से किया हमला, फिर तीसरी मंजिल से कूदकर दे दी जान

हमले में घायल महिला को अस्पताल में कराया गया भर्ती
पोस्ता के शिव ठाकुर लेन में गिरा पड़ा चाकू
पोस्ता के शिव ठाकुर लेन में गिरा पड़ा चाकू
Published on

कोलकाता: रिश्ते में बढ़ते तनाव ने एक प्रेमी को इतना उत्तेजित कर दिया कि उसने अपनी विधवा प्रेमिका पर चाकू से ताबड़तोड़ वार किए और फिर खुद तीसरी मंजिल की बालकनी से कूदकर अपनी जीवन लीला समाप्त कर ली। घटना मंगलवार की सुबह सेंट्रल कोलकाता के पोस्ता थाना क्षेत्र स्थित शिवठाकुर लेन की है। घायल युवती शिखा सिंह (35 वर्ष) का मेडिकल कॉलेज अस्पताल में इलाज चल रहा है, जहां उसकी हालत स्थिर बताई जा रही है। वहीं, आरोपित राजेंद्र शर्मा (उम्र करीब 40 वर्ष) को अस्पताल पहुंचते ही डॉक्टरों ने मृत घोषित कर दिया। राजेंद्र के पेट पर भी चाकू का गहरा घाव मिला है, जिसे लेकर पुलिस जांच कर रही है कि यह खुद का किया हुआ था या शिखा ने आत्मरक्षा में वार किया है। पुलिस के अनुसार पोस्टमॉर्टम रिपोर्ट आने पर युवक की मौत के असली कारणों का पता चल सकेगा।

मृत राजेन्द्र शर्मा का फाइल फोटो
मृत राजेन्द्र शर्मा का फाइल फोटो

क्या है पूरा मामला

जानकारी के अनुसार पोस्ता के शिव ठाकुर लेन में शिखा सिंह चार मंजिली इमारत की तीसरी मंजिल पर अपने दो छोटे बच्चों के साथ रहती है। उसके पति दीपू सिंह की मौत दो साल पहले हो चुकी थी। शिखा साड़ी का फॉल्स बनाने का काम करती है। कई वर्षों से उसकी नजदीकियां अपने पति के दोस्त पोस्ता निवासी राजेंद्र उर्फ विक्की शर्मा से थीं। स्थानीय लोगों के मुताबिक, राजेंद्र विभिन्न राजनीतिक दलों की कई सभाओं में स्टेज पर नजर आता था। हालांकि, उनका कोई स्थायी रोजगार नहीं था। पति की मौत के बाद शिखा और राजेंद्र के रिश्ते और गहरे हो गए थे।

रिश्ते में अनबन के बाद किया हमला

आरोप है कि हाल के दिनों में शिखा ने राजेंद्र से रिश्ता तोड़ दिया था लेकिन राजेन्द्र उसपर रिश्ता बनाये रखने का दबाव डाल रहा था। इसी बात को लेकर दोनों के बीच लगातार विवाद चल रहा था। मंगलवार की सुबह करीब 11:30 बजे शिखा के बच्चे स्कूल चले गए थे। राजेंद्र उसके घर पर पहुंचा और दोनों के बीच झगड़ा शुरू हो गया। चीख-पुकार सुनकर शिखा घर से भागीं और सीढ़ियों की ओर दौड़ीं। राजेंद्र ने पीछा किया और कथित तौर पर शिखा पर चाकू से कई वार किए। शिखा के पेट, सीने और शरीर के अन्य हिस्सों पर गंभीर चोटें आईं। सीढ़ियां और आसपास का इलाका खून से लथपथ हो गया।

आरोप है कि इसके बाद राजेंद्र हाथ में चाकू लिए बालकनी से कूद गया। शिखा ने पुलिस को बताया कि उसने राजेन्द्र को रोकने की कोशिश की, लेकिन सफल नहीं हो सकीं। गंभीर रूप से घायल शिखा खून से लथपथ चीखती हुईं नीचे पहली मंजिल तक पहुंचीं। पड़ोस की दो महिलाओं ने यह दृश्य देखा और डरकर बाहर भागीं। शोर सुनकर आसपास के लोग जुटे और पोस्ता पुलिस को सूचना दी। पुलिस ने दोनों को तुरंत अस्पताल पहुंचाया। मामले की जांच कर रही पुलिस घायल शिखा का बयान दर्ज कर पूरी घटना की तफ्तीश कर रही है।

संबंधित समाचार

No stories found.

कोलकाता सिटी

No stories found.

खेल

No stories found.
logo
Sanmarg Hindi daily
sanmarg.in