

कोलकाता : दुर्गा पूजा एवं अन्य त्योहार के दौरान घूमने के लिए होटल बुकिंग शुरू होते ही साइबर जालसाज भी सक्रिय हो गए हैं। ऑनलाइन होटल बुकिंग के नाम पर ठगी का एक मामला बेहला में सामने आया है। नैनीताल में होटल बुक करने की कोशिश कर रहे एक व्यक्ति के क्रेडिट कार्ड से साइबर जालसाजों ने 1.50 लाखरुपये उड़ा लिए। पीड़ित ने बेहला थाने में शिकायत दर्ज कराई है।
फर्जी वेबसाइट बनाकर बिछा रहे जाल
पुलिस के मुताबिक साइबर जालसाज कई नामी होटलों के नाम से फर्जी वेबसाइट तैयार कर रहे हैं। इन वेबसाइटों पर होटल की तस्वीरों और सुविधाओं की जानकारी के साथ फर्जी मोबाइल नंबर भी दिए जाते हैं। ग्राहक जब इन नंबरों पर संपर्क करता है, तो जालसाज खुद को होटल का कर्मचारी बताकर बातचीत शुरू करते हैं। लालबाजार की ओर से लोगों को सलाह दी गई है कि पूजा के दौरान होटल बुक करने से पहले वेबसाइट की विश्वसनीयता जरूर जांच लें। किसी अनजान व्यक्ति के कहने पर भुगतान करने या बैंक और कार्ड से जुड़ी गोपनीय जानकारी साझा करने से बचें।
नैनीताल घूमने का बनाया था प्लान
बेहला निवासी व्यक्ति ने परिवार के साथ नैनीताल और उत्तराखंड के कुमाऊं हिमालय क्षेत्र के अन्य पर्यटन स्थलों पर घूमने की योजना बनाई थी। होटल बुक करने के लिए उसने इंटरनेट पर कई होटलों की वेबसाइट देखी। इसी दौरान उसे झील के किनारे स्थित एक होटल की तस्वीरें और सुविधाएं पसंद आईं। वेबसाइट पर दिए गए मोबाइल नंबर पर संपर्क करने पर एक व्यक्ति ने फोन उठाया और खुद को होटल का कर्मचारी बताया। उसने कहा कि पूजा के दौरान नैनीताल में काफी भीड़ रहती है और अभी बुकिंग नहीं कराने पर बाद में कमरा मिलना मुश्किल हो सकता है।
24 हजार रुपये जमा कराने के बाद मांगा कार्ड नंबर
कथित होटल कर्मचारी ने कमरे की बुकिंग के लिए 24 हजार रुपये जमा करने को कहा। पीड़ित ने उस पर भरोसा करते हुए अपने क्रेडिट कार्ड से रकम भेज दी। इसके बाद जालसाज ने होटल का रिकॉर्ड अपडेट करने के नाम पर उससे क्रेडिट कार्ड का नंबर भी मांग लिया। कुछ देर बाद पीड़ित के मोबाइल पर ओटीपी आया। जालसाज ने खुद को होटल कर्मचारी बताते हुए ओटीपी साझा करने को कहा। शुरुआत में पीड़ित ने इनकार किया, लेकिन जालसाज ने दबाव बनाते हुए कहा कि ओटीपी नहीं देने पर कमरा बुक नहीं होगा और जमा किए गए 24 हजार रुपये भी वापस नहीं मिलेंगे। आखिरकार पीड़ित ने ओटीपी साझा कर दी। इसके बाद ही क्रेडिट कार्ड से रुपये निकाल लिये गये।
पुलिस की अपील
होटल बुकिंग करते समय केवल आधिकारिक और विश्वसनीय वेबसाइट का इस्तेमाल करें। किसी अनजान व्यक्ति को क्रेडिट कार्ड नंबर, ओटीपी, सीवीवी या अन्य बैंकिंग जानकारी साझा न करें। फोन पर दबाव बनाकर ओटीपी मांगने वाले व्यक्ति से तुरंत संपर्क तोड़ दें।