5 लाख के बदले 25 लाख का लालच, सूटकेस में निकले कागज

न्यू मार्केट थाना इलाके में हुई घटना
फाइल फोटो
फाइल फोटो
Published on

कोलकाता : 5 लाख रुपये के बदले 25 लाख रुपये के पुराने लेकिन वैध नोट देने का झांसा देकर जालसाजों ने एक व्यवसायी को ठगी का शिकार बना लिया। आरोपियों ने नकदी लेने के बाद बंद सूटकेस थमा दिया, जिसमें नोटों की जगह सफेद कागज भरे हुए थे। घटना मध्य कोलकाता के न्यू मार्केट इलाके स्थित एक प्रतिष्ठित होटल में हुई। इसे लेकर न्यू मार्केट थाने में शिकायत दर्ज कराई गई है।

क्या है पूरा मामला

पुलिस के अनुसार, हुगली जिले के सेरामपुर निवासी एक इंटीरियर डिजाइनिंग कंपनी के मालिक ने अपनी शिकायत में बताया कि उनकी पत्नी और बिजनेस पार्टनर के मोबाइल पर देव कुमार दास नामक व्यक्ति ने कॉल कर ताजपुर स्थित होटल का इंटीरियर डेकोरेशन करवाने की बात कही। बाद में सुमन रॉय नामक व्यक्ति के माध्यम से व्यवसायी को न्यू मार्केट के एक होटल में मिलने के लिए बुलाया गया।

शिकायत के मुताबिक, आरोपियों ने 100 रुपये के पुराने नोट के बंद होने का दावा करते हुए 5 लाख रुपये के नए नोट के बदले 100-100 रुपये के नोट में 25 लाख रुपये देने का झांसा दिया। झांसे में आकर व्यवसायी पांच लाख रुपये नकद लेकर होटल पहुंच गया। कुछ देर बाद एक आरोपी अपने सहयोगी के साथ पहुंचा और व्यवसायी से रुपयों भरा बैग लेने के बाद एक बंद और लॉक सूटकेस सौंप दिया। आरोपियों ने कहा कि सूटकेस में 25 लाख रुपये हैं और उनका ड्राइवर आकर इसकी चाबी देगा। करीब आधे घंटे तक इंतजार के बाद संदेह होने पर सूटकेस का ताला तोड़ा तो उसमें नोटों की जगह कागज भरे मिले। इसके बाद उन्होंने न्यू मार्केट थाने में शिकायत दर्ज कराई। पुलिस ने बताया कि होटल के सीसीटीवी फुटेज खंगाले जा रहे हैं और आरोपियों की पहचान कर उन्हें पकड़ने का प्रयास किया जा रहा है।

Google पर संवाद सर्च बनाएं →
logo
Sanmarg Hindi daily
sanmarg.in