वृद्ध को डिजिटल अरेस्ट कर ठग लिये 24 लाख

तिलजला थाने में दर्ज करायी गयी शिकायत
फाइल फोटो
फाइल फोटो
Published on

कोलकाता : महानगर में कस्टम्स अधिकारी बनकर जालसाजों ने एक 69 वर्षीय वृद्ध से 24 लाख रुपये ठग लिये। घटना को लेकर पिकनिक गार्ड के रहनेवाले सुप्रकाश देवनाथ ने तिलजला थाने में शिकायत दर्ज करायी है।

जानकारी के अनुसार पीड़ित सुप्रकाश देबनाथ ने बताया कि 1 अप्रैल को शाम करीब 4.40 बजे उन्हें एक अज्ञात नंबर से फोन आया। कॉल करने वाले ने दावा किया कि उनका एक पार्सल मुंबई एयरपोर्ट कस्टम्स में नशीले पदार्थों के साथ पकड़ा गया है। इसके तुरंत बाद उन्हें एक अन्य नंबर से कॉल आया, जहां कॉलर ने खुद को “साइबर क्राइम मुंबई” का अधिकारी अमित कुमार बताया और कथित जांच शुरू की। शाम 5 बजे से लेकर रात 9.30 बजे तक उनसे लगातार पूछताछ की गई और उनके सभी बैंक खातों, फिक्स्ड डिपॉजिट (एफडी), आरडी और अन्य वित्तीय जानकारी ली गई। पीड़ित के अनुसार, ठगों ने उनके आधार कार्ड का दुरुपयोग कर बैंक खाते खोलने का भी दावा किया और फर्जी एफआईआर तथा सीबीआई सुपरविजन सर्टिफिकेट जैसे दस्तावेज दिखाकर उन्हें डराया। बाद में व्हाट्सऐप के जरिए उन्हें और उनके परिवार को जान से मारने की धमकी दी गई। डर और दबाव में आकर सुप्रकाश देबनाथ ने 23.70 लाख रुपये आरटीजीएस के माध्यम से एक बैंक खाते में ट्रांसफर कर दिये। घटना के बाद पीड़ित को ठगी का एहसास हुआ और उन्होंने इसे पूरी तरह से धोखाधड़ी करार देते हुए पुलिस से कड़ी कानूनी कार्रवाई की मांग की है। उनका कहना है कि यह उनकी जीवन भर की जमा पूंजी है और उन्हें तथा उनके परिवार को जान से मारने की धमकी देकर यह रकम ऐंठी गई। पीड़ित ने प्रशासन से अनुरोध किया है कि आरोपितों के खिलाफ सख्त कार्रवाई की जाए और जल्द से जल्द ठगी की गई राशि को बरामद किया जाए।


logo
Sanmarg Hindi daily
sanmarg.in