क्रिप्टो करेंसी ट्रांसफर करने के नाम पर ठग लिये 35.17 लाख रुपये

बेलियाघाटा थाने में दर्ज हुई शिकायत
फाइल फोटो
फाइल फोटो
Published on

कोलकाता : महानगर में क्रिप्टो वॉलेट में मौजूद 35.17 लाख रुपये का ओजोन कॉइन हड़पने का आरोप तीन लोगों पर लगा है। घटना को लेकर बिहार के कटिहार के रहनेवाले कुमार बलवंत ने बेलियाघाटा थाने में शिकायत दर्ज करायी है। आरोप है कि जालसाजों ने उसके पास से 10500 ओजोन कॉइन ठग लिये हैं। शिकायत में आरोप लगाया गया है कि अभियुक्त सुनील सिंह, पिंटू कुमार एवं परितोष उर्फ प्रियतोष ने आपराधिक साजिश रचकर उन्हें ठगी का शिकार बनाया।

क्या है पूरा मामला?

पुलिस सूत्रों के अनुसार कुमार बलवंत ने अपनी शिकायत में बताया कि अभियुक्तों ने उसे बेलियाघाटा मेन रोड स्थित पेट्रोल पंप के ऑफिस में बैठक के लिए बुलाया था। उक्त पेट्रोल पंप अभियुक्त सुनील सिंह का बताया गया है। बैठक के दौरान अभियुक्तों ने उसे 10,500 क्रिप्टोकरेंसी (ओजोन कॉइन) उसके डिजिटल वॉलेट से अभियुक्त द्वारा बताए गए एक अन्य डिजिटल वॉलेट में ट्रांसफर करने के लिए प्रेरित किया। आरोप है कि उक्त ओजोन कॉइन की कीमत 35.17 लाख रुपये है। बाजार में एक ओजोन कॉइन की कीमत 335 रुपये प्रति कॉइन बताई गई है। अभियुक्तों ने आश्वासन दिया कि वे उक्त डिजिटल कॉइन खरीदकर उसकी समतुल्य राशि शिकायतकर्ता के खाते में जमा कर देंगे। लेकिन डिजिटल करेंसी प्राप्त करने के बाद अभियुक्तों ने भुगतान में टालमटोल की और मौके से चले गए। चूंकि दूसरा अभियुक्त पिंटू कुमार पहले से शिकायतकर्ता का परिचित था, इसलिए उन्होंने उन पर भरोसा किया और भुगतान की प्रतीक्षा करते रहे। शिकायतकर्ता का आरोप है कि अब तक न तो उन्हें कोई भुगतान किया गया है और न ही उनके डिजिटल कॉइन लौटाए गए हैं। इस प्रकार अभियुक्तों ने उनसे 35.17 लाख रुपये की ठगी की। इसके अलावा अभियुक्तों द्वारा शिकायतकर्ता को जान से मारने की धमकी देने का भी आरोप लगाया गया है। पुलिस ने मामला दर्ज कर लिया है और इस प्रकरण की जांच जारी है।

संबंधित समाचार

No stories found.

कोलकाता सिटी

No stories found.

खेल

No stories found.
logo
Sanmarg Hindi daily
sanmarg.in