ऑनलाइन रेटिंग जॉब के नाम पर 14 लाख की ठगी

पीड़ित की बहन ने विधाननगर साइबर क्राइम थाने में दर्ज करायी शिकायत
फाइल फोटो
फाइल फोटो
Published on

विधाननगर : ऑनलाइन ‘रेटिंग जॉब’ के नाम पर एक व्यक्ति को फर्जी वेबसाइट के जरिए महज दो दिनों में लगभग 14 लाख रुपये की चपत लगाई गई। इस घटना ने एक बार फिर साइबर अपराधियों के बढ़ते जाल और उनकी चालाकी को उजागर कर दिया है। घटना को लेकर पीड़ित व्यक्ति की बहन आशु त्रिवेदी ने विधाननगर के साइबर क्राइम थाने में शिकायत दर्ज करायी है।

पीड़िता के अनुसार, उनके भाई राजीव दुबे (58), जो पुणे में रक्षा क्षेत्र में कार्यरत हैं, 7 से 8 मार्च 2026 के बीच एक वेबसाइट के संपर्क में आये। वेबसाइट ने उन्हें रजिस्ट्रेशन कर प्रोडक्ट्स को रेटिंग देने के बदले पैसे कमाने का लालच दिया। शुरुआत में उन्हें छोटे-छोटे “लकी ऑर्डर” दिये गये और उन्होंने अपने एसबीआई खाते से भुगतान किया। जब उन्होंने 20 प्रोडक्ट्स की रेटिंग पूरी कर ली और पैसे निकालने की कोशिश की, तब ठगों ने उनसे “इंटरनेशनल टैक्स” के नाम पर 3.27 लाख रुपये जमा करवाए। इसके बाद “एंटी मनी लॉन्ड्रिंग फीस” के नाम पर 2.29 लाख रुपये और वसूले गए। पीड़िता ने बताया कि लगातार अलग-अलग बहानों से पैसे मांगते हुए अंत में उनसे 3.50 लाख रुपये और देने को कहा गया। जब बार-बार भुगतान के बावजूद पैसा वापस नहीं मिला, तब उन्हें ठगी का एहसास हुआ। उन्होंने 10 मार्च 2026 को राष्ट्रीय साइबर क्राइम पोर्टल पर शिकायत दर्ज कराई। पीड़िता ने बताया कि इस पूरी प्रक्रिया में उन्होंने कुल 14 लाख रुपये गंवा दिए। फिलहाल पुलिस मामले की जांच कर रही है।

logo
Sanmarg Hindi daily
sanmarg.in