

कोलकाता : अधिक रिटर्न का लालच देकर करोड़ों रुपये की धोखाधड़ी करने के मामले में कोलकाता पुलिस की खुफिया शाखा ने कैलाश भुई नामक एक व्यक्ति को गिरफ्तार किया है। इस धोखाधड़ी के संबंध में गरियाहाट थाने में लिखित शिकायत दर्ज कराई गई थी, जिसके बाद लालबाजार की टीम ने मामले की जांच अपने हाथों में ली थी। गुरुवार को पुलिस ने आरोपी को अलीपुर अदालत में पेश किया, जहां से अदालत ने उसे 13 जुलाई तक पुलिस हिरासत में भेजने का निर्देश दिया है।
क्या है पूरा मामला?
पुलिस सूत्रों के अनुसार आरोपी कैलाश भुई पर आरोप है कि उसने निवेशकों को बेहद कम समय में ज्यादा रिटर्न देने का झांसा दिया था। इस झांसे में आकर लोगों ने बड़ी रकम निवेश कर दी। पुलिस के मुताबिक, आरोपी ने करीब 2.15 करोड़ रुपये की धोखाधड़ी की है। मामले की जांच के दौरान पुलिस ने जब बैंक खातों को खंगाला, तो पाया कि आरोपी के एक बैंक खाते में सीधे तौर पर 21 लाख रुपये ट्रांसफर किए गए थे। पुलिस के अनुसार आरोपी बड़े शातिर तरीके से लोगों को अपने जाल में फंसाता था। फिलहाल उसे 13 जुलाई तक पुलिस रिमांड पर लिया गया है। इस धोखाधड़ी में शामिल अन्य लोगों और बाकी की रकम के ठिकाने का पता लगाने के लिए आरोपी से पूछताछ की जा रही है।