

प्रसेनजीत, सन्मार्ग संवाददाता
कोलकाता : मुख्यमंत्री ममता बनर्जी का एक अलग अंदाज धर्मतल्ला में चल रहे धरना के मंच पर देखने को मिला। भाषणों और विरोध प्रदर्शन के बीच उन्होंने कुछ समय निकालकर मंच पर ही कैनवास पर पेंटिंग बनानी शुरू की। यह धरना कथित तौर पर एसआईआर प्रक्रिया के विरोध में शुरू किया गया था। मंच पर चित्र बनाते हुए ममता बनर्जी ने कहा कि यह पेंटिंग एसआईआर के खिलाफ एक प्रतीकात्मक विरोध है और यह उन लोगों को श्रद्धांजलि भी है जिन्होंने कथित तौर पर इस सख्त प्रक्रिया के दौरान अपनी जान गंवाई। पेंटिंग में उन्होंने कैनवास के ऊपर SIR और नीचे Vanish लिखा, ताकि उनका विरोध और संदेश दोनों स्पष्ट रूप से सामने आए। मुख्यमंत्री ने यह भी स्पष्ट किया कि यह पेंटिंग किसी व्यक्तिगत उद्देश्य के लिए नहीं है, बल्कि शांतिपूर्ण तरीके से विरोध जताने का माध्यम है। उन्होंने कहा कि यह केवल विरोध जताने का तरीका है और इससे अधिक कुछ नहीं। धरना कार्यक्रम के दौरान यह कदम ममता बनर्जी के व्यक्तित्व के एक और पहलू को सामने लाता है। राजनीति के साथ-साथ वह एक कलाकार के रूप में भी जानी जाती हैं और समय-समय पर अपनी पेंटिंग के जरिए सामाजिक और राजनीतिक संदेश देती रही हैं।