

कोलकाता: SIR के विरोध में चल रहे धरने के दूसरे दिन मुख्यमंत्री ममता बनर्जी ने बड़ा ऐलान किया कि ‘युवा साथी’ योजना की राशि शनिवार से ही लाभार्थियों के खातों में भेजना शुरू कर दिया गया है। पहले यह सुविधा 1 अप्रैल से लागू होने वाली थी, लेकिन अंतरराष्ट्रीय महिला दिवस के अवसर पर इसे पहले ही लागू करने का निर्णय लिया गया।
धर्मतल्ला धरना मंच से मुख्यमंत्री ने कहा, “हमने पहले कहा था कि 1 अप्रैल से युवसाथी का पैसा खातों में जाएगा। लेकिन कल अंतरराष्ट्रीय महिला दिवस है, इसलिए इसे उपहार के रूप में आज से ही शुरू किया गया।”
योजना के अनुसार, राज्य में 21 से 40 वर्ष आयु वर्ग के करीब 90 लाख से 1 करोड़ युवाओं ने आवेदन किया है। इसमें वे युवा शामिल हैं जो किसी अन्य सरकारी सहायता या छात्रवृत्ति का लाभ नहीं ले रहे। पात्र युवाओं को हर महीने 1,500 रुपये की आर्थिक सहायता दी जाएगी। जिलों के अनुसार सबसे अधिक आवेदन दक्षिण 24 परगना से 9,34,285, मुर्शिदाबाद से 7,14,133 और उत्तर 24 परगना से 7,20,070 आवेदन प्राप्त हुए।
मुख्यमंत्री ने बताया कि बजट में ‘युवा साथी’ और ‘खेत मजदूर’ दो नई योजनाएं लाई गई हैं। खेत मजदूर योजना के तहत छोटे किसानों और बंटाईदारों को 4,000 रुपये की सहायता दी जाएगी। उन्होंने कहा कि राज्य सरकार का उद्देश्य युवाओं को आर्थिक सहारा देकर उन्हें आत्मनिर्भर बनाना है।
इस कदम को युवा सशक्तिकरण और अंतरराष्ट्रीय महिला दिवस के अवसर पर एक उपहार के रूप में देखा जा रहा है।