ममता ने की ट्रेडर्स वेलफेयर बोर्ड की घोषणा

छोटे और मध्यम व्यापारियों को मिलेगा नया मंच
ममता ने की ट्रेडर्स वेलफेयर बोर्ड की घोषणा
Published on

प्रसेनजीत, सन्मार्ग संवाददाता

कोलकाता : विधानसभा चुनाव से पहले राज्य सरकार ने व्यापारियों के हित और प्रशासन के साथ समन्वय बढ़ाने के लिए बड़ा कदम उठाया है। मुख्यमंत्री ममता बनर्जी ने ‘वेस्ट बंगाल ट्रेडर्स वेलफेयर बोर्ड’ के गठन की घोषणा की है। मुख्यमंत्री ने अपने सोशल मीडिया पोस्ट के जरिए बताया कि यह बोर्ड 2025 के स्टेट ट्रेडर्स कन्वेंशन और बिज़नेस एंड इंडस्ट्री कॉन्क्लेव में किए गए वादों के अनुसार बनाया गया है।

मुख्यमंत्री ने कहा कि राज्य के व्यापारी लंबे समय से एक प्रतिनिधि मंच की मांग कर रहे थे, जहां उनकी समस्याएं सीधे सरकार तक पहुंचाई जा सकें। यह नया बोर्ड उसी जरूरत को पूरा करेगा। बोर्ड व्यापारियों और राज्य सरकार के बीच नियमित संवाद और समन्वय का प्लेटफॉर्म होगा। प्रत्येक जिले से प्रतिनिधित्व सुनिश्चित किया जाएगा और बोर्ड का अध्यक्ष कन्फेडरेशन ऑफ वेस्ट बंगाल ट्रेडर्स एसोसिएशन का अध्यक्ष होगा।

बोर्ड का उद्देश्य राज्य के लाखों व्यापारियों के हितों की रक्षा करना, उनके बाजार, थोक और खुदरा व्यवसाय तथा अन्य शिकायतों का समाधान सुनिश्चित करना है। मुख्यमंत्री ने कहा कि व्यापारी बंगाल की अर्थव्यवस्था की रीढ़ हैं और सरकार उनके साथ मिलकर अर्थव्यवस्था को मजबूत और गतिशील बनाना चाहती है। विशेषज्ञों के अनुसार, इस बोर्ड के गठन से छोटे और मध्यम व्यापारियों को लाइसेंस, कर और बाजार संबंधी समस्याओं के समाधान के लिए स्थायी मंच मिलेगा, जिससे राज्य सरकार और व्यापारी वर्ग के संबंध और मजबूत होंगे।

logo
Sanmarg Hindi daily
sanmarg.in