हार के बाद ममता-अभिषेक फिर लगाएंगे 'जनता दरबार'

कालीघाट में सुनेंगे लोगों की समस्याएं
File Photo
File Photo
Published on

कोलकाता : विधानसभा चुनाव में करारी हार के बाद तृणमूल कांग्रेस अब आत्ममंथन की राह पर चलती दिखाई दे रही है। सूत्रों के अनुसार, पार्टी नेतृत्व आम लोगों से दोबारा सीधा संवाद स्थापित करने के लिए एक बार फिर 'जनता दरबार' शुरू करने की तैयारी कर रहा है।

जानकारी के मुताबिक, ममता बनर्जी के कालीघाट स्थित आवास पर सप्ताह के अधिकांश दिनों में शाम 3 बजे से 6 बजे तक 'जनता दरबार' आयोजित किया जा सकता है। इस दौरान ममता बनर्जी और अभिषेक बनर्जी आम लोगों की समस्याएं और शिकायतें सुनेंगे। इसी तरह तृणमूल भवन में भी व्यवस्था की जाएगी, जहां पार्टी का कोई वरिष्ठ नेता जनता से सीधे संवाद करेगा। सूत्रों का कहना है कि इस विषय पर गत मंगलवार को कालीघाट में एक बैठक भी हुई। हालांकि, तृणमूल कांग्रेस की ओर से अभी तक इस संबंध में कोई आधिकारिक घोषणा नहीं की गई है।

गौरतलब है कि राज्य में भाजपा सरकार बनने के बाद मुख्यमंत्री शुभेंदु अधिकारी नियमित रूप से 'जनता दरबार' लगा रहे हैं, जहां बड़ी संख्या में लोग अपनी समस्याएं लेकर पहुंच रहे हैं। ऐसे में यदि कालीघाट में ममता-अभिषेक का 'जनता दरबार' शुरू होता है, तो यह देखना दिलचस्प होगा कि आम लोग अपनी कौन-कौन सी मांगें लेकर उनके पास पहुंचते हैं।

साथ ही, दोनों नेताओं की सुरक्षा व्यवस्था पर भी विशेष जोर दिया जा रहा है। उल्लेखनीय है कि बदले हुए राजनीतिक परिदृश्य में ममता बनर्जी और अभिषेक बनर्जी लगभग प्रतिदिन कालीघाट स्थित आवास पर पार्टी नेताओं के साथ बैठक कर रहे हैं, जिनमें संगठनात्मक बदलाव और भविष्य की रणनीति पर चर्चा की जा रही है। अब 'जनता दरबार' भी इसी नई राजनीतिक रणनीति का हिस्सा माना जा रहा है।

Google पर संवाद सर्च बनाएं →
logo
Sanmarg Hindi daily
sanmarg.in