

शेक्सपियर सरणी थाना इलाके की घटना
दीपक,सन्मार्ग संवाददाता
कोलकाता : फर्जी दस्तावेजों और नकली इनवॉयस के जरिए एक निजी कंपनी से 1.25 करोड़ रुपये की ठगी के मामले में पुलिस ने मुख्य आरोपी को गिरफ्तार किया है। लालबाजार की एंटी-फ्रॉड शाखा ने जांच के दौरान तारातला इलाके से कुंदन कुमार को दबोच लिया। पुलिस के मुताबिक, यह मामला पिछले वर्ष मई का है। आरोप है कि शेक्सपियर सरणी स्थित एक निजी कंपनी के नाम पर फर्जी इनवॉयस और अन्य जाली दस्तावेज तैयार कर आरोपी ने कंपनी के 1.25 करोड़ रुपये अपने बैंक खाते में ट्रांसफर करा लिया। जांच के दौरान तकनीकी और वित्तीय साक्ष्यों के आधार पर लालबाजार की एंटी-फ्रॉड शाखा ने कुंदन कुमार को गिरफ्तार किया। गुरुवार को उसे बैंकशाल अदालत में पेश किया गया, जहां अदालत ने उसे 31 जुलाई तक पुलिस हिरासत में भेजने का आदेश दिया। सूत्रों के अनुसार, इस मामले में पुलिस पहले ही शेक्सपियर सरणी स्थित संबंधित कंपनी के दो मैनेजरों को गिरफ्तार कर चुकी है। सुनवाई के दौरान सरकारी वकील ने अदालत को बताया कि ठगी की पूरी रकम कुंदन कुमार के बैंक खाते में ट्रांसफर की गई थी। अब पुलिस यह पता लगाने में जुटी है कि इस फर्जीवाड़े में और कौन-कौन लोग शामिल थे तथा ठगी की रकम का इस्तेमाल किस तरह किया गया।