

साथी के साथ मिलकर बैंक खातों से उड़ाए पैसे
सन्मार्ग संवाददाता
कोलकाता : महानगर में बुजुर्ग माता-पिता की देखभाल के लिए रखी गई एक नौकरानी ने ही उनके बैंक खातों में सेंध लगा दी। आरोपी नौकरानी ने अपने एक साथी के साथ मिलकर कथित तौर पर आपराधिक साजिश रची और विभिन्न मौकों पर एटीएम कार्ड चोरी कर और यूपीआई ट्रांजैक्शन के जरिए कुल 3.95 लाख रुपये की बड़ी रकम पार कर दी। घटना को लेकर सर्वे पार्क थाना में शिकायत दर्ज कराई गई है।
क्या है पूरा मामला
मिली जानकारी के अनुसार, सर्वे पार्क निवासी सौगत सेनगुप्ता ने अपनी शिकायत में बताया कि उन्होंने अपने बुजुर्ग माता-पिता की देखभाल के लिए एक नौकरानी को काम पर रखा था। आरोप है कि नौकरानी मंजूरा ने बुजुर्गों की लाचारी और उनके विश्वास का फायदा उठाया। उसने 23 अगस्त 2025 से 15 नवंबर 2025 के बीच, अपने एक अन्य साथी रोबिन माल व अन्य लोगों के साथ मिलकर एक सोची-समझी साजिश रची। आरोपियों ने बुजुर्ग दंपति के बैंक खातों से जुड़े एटीएम कार्ड का गलत इस्तेमाल किया और कई बार में एटीएम से नकदी निकालकर तथा यूपीआई ट्रांसफर के माध्यम से कुल 3 95 लाख रुपये की राशि उड़ा ली। पुलिस आरोपियों की तलाश और ठगी गई रकम की बरामदगी के लिए लगातार दबिश दे रही है।