बालीगंज में नौकर ने 50 लाख के आभूषण चुराये

बिहार भागने से पहले सियालदह स्टेशन से हुआ गिरफ्तार
 अभियुक्त के पास से बरामद आभूषण
अभियुक्त के पास से बरामद आभूषण
Published on

कोलकाता : बालीगंज थाना क्षेत्र स्थित रोलैंड रो के एक आलीशान मकान से लगभग 50 लाख रुपये मूल्य के गहने, घड़ियां और नकदी चोरी करने के आरोप में पुलिस ने घर के नौकर को गिरफ्तार किया है। गिरफ्तार अभियुक्त की पहचान दीपक मंडल (31) के रूप में हुई है, जो बिहार के मधुबनी जिले का निवासी है।

पुलिस ने बताया कि रविवार को वह सियालदह स्टेशन से गंगा सागर एक्सप्रेस पकड़ने की तैयारी में था, तभी उसे दबोच लिया गया। सोमवार को दीपक को अदालत में पेश किया गया, जहां से उसे पुलिस हिरासत में भेज दिया गया है।

चोरी का खुलासा

पीड़ित व्यक्ति नथमल बेंगानी ने सोमवार की सुबह बालीगंज थाने में शिकायत दर्ज कराई कि उनके घर से कीमती गहने, एक रोलेक्स घड़ी, दो अन्य घड़ियां, कुछ चांदी के बर्तन और करीब 12 हजार रुपये नकद चोरी हो गए हैं। उन्होंने बताया कि उनके घर में काम करने वाला नौकर दीपक मंडल उसी सुबह अचानक गांव चला गया। उसने यह कहकर छुट्टी ली थी कि उसके चचेरे भाई का निधन हो गया है और उसे तुरंत घर लौटना है।

शिकायत मिलते ही पुलिस हरकत में आई और तकनीकी सहायता से दीपक की लोकेशन ट्रैक की। लोकेशन ट्रैकिंग के आधार पर उसे सियालदह स्टेशन पर गिरफ्तार किया गया। गिरफ्तारी के समय उसके पास से चोरी किए गए सभी गहने, घड़ियां, नकदी और चांदी के बर्तन बरामद कर लिए गए।

पुलिस की त्वरित कार्रवाई की सराहना

जब्त किए गए सामान की कुल अनुमानित कीमत लगभग 50 लाख रुपये बताई जा रही है। फिलहाल पुलिस आरोपी से पूछताछ कर रही है कि कहीं इस चोरी में कोई और व्यक्ति शामिल तो नहीं था। इस घटना ने इलाके में सनसनी फैला दी है और लोग पुलिस की तत्परता की सराहना कर रहे हैं।

पुलिस का कहना है कि जल्द ही चार्जशीट दाखिल की जाएगी और मामले की जांच तेजी से पूरी की जा रही है।

Google पर संवाद सर्च बनाएं →
logo
Sanmarg Hindi daily
sanmarg.in