

50 लाख के गहनों की चोरी का चौंकाने वाला खुलासा
कोलकाता : हरिदेवपुर इलाके में करीब 50 लाख रुपये के सोने के गहनों की चोरी का सनसनीखेज मामला सामने आया है। इस मामले में पुलिस ने एक नौकरानी और उसके लिव-इन पार्टनर को गिरफ्तार किया है। आरोप है कि दोनों मिलकर लंबे समय से चोरी की वारदात को अंजाम दे रहे थे। हैरानी की बात यह है कि महिला अपनी लग्जरी लाइफस्टाइल के कारण पुलिस के शक के घेरे में आ गई और आखिरकार दोनों की पोल खुल गई।
क्या है पूरा मामला
जानकारी के मुताबिक, बेहला के साखेर बाजार इलाके के पास रहने वाले एक बैंक मैनेजर के घर पर दो घरेलू सहायिकाएं काम करती थीं। इनमें से रूपा सांतरा पिछले करीब पांच वर्षों से वहां काम कर रही थी। अक्टूबर की शुरुआत में परिवार के सदस्यों ने जब अलमारी और लॉकर खोला, तो उसमें रखे सोने के सभी गहने गायब मिले। परिवार को दोनों घरेलू सहायिकाओं पर शक हुआ और उन्होंने हरिदेवपुर थाने में शिकायत दर्ज कराई। पुलिस पूछताछ के दौरान दोनों महिलाओं ने चोरी में शामिल होने से इनकार कर दिया। इसके बाद पुलिस ने दोनों पर नजर रखनी शुरू कर दी।
कैब से सफर, मंदारमणि से पुरी तक की सैर!
जांच के दौरान पुलिस को रूपा की जिंदगी से जुड़ी कुछ ऐसी बातें पता चलीं, जिसने संदेह और गहरा कर दिया। पता चला कि रूपा अपने पति और बच्चों को छोड़कर उत्तम मंडल नाम के व्यक्ति के साथ किराये के फ्लैट में लिव-इन रिलेशनशिप में रह रही थी। उत्तम भी अपनी पत्नी और बच्चों से अलग रहता था। जहां दूसरी नौकरानी बस से अपने घर जाती थी, वहीं रूपा हर दिन साखेर बाजार से कैब बुक करके घर लौटती थी। इतना ही नहीं, पिछले कुछ महीनों में रूपा और उत्तम कई बार गाड़ी किराये पर लेकर मंदारमणि घूमने गए। दोनों ने तारापीठ और पुरी की यात्राएं भी कीं। सबसे चौंकाने वाली बात यह थी कि रूपा के अपने घर में भी दो नौकरानियां काम करती थीं, जिन्हें वह अच्छी-खासी तनख्वाह देती थी। वहीं, उत्तम के पास कोई खास काम भी नहीं था।
सोने के गहने बेचने की कोशिश ने खोला राज
करीब डेढ़ महीने तक चली जांच और निगरानी के बाद पुलिस को एक अहम सुराग मिला। पता चला कि कुछ दिन पहले उत्तम ने एक दुकान पर सोने के पुराने गहने देकर नए गहने बनवाए थे। इसी जानकारी के आधार पर पुलिस ने रूपा और उत्तम के घर पर छापेमारी की। तलाशी के दौरान वहां से बड़ी मात्रा में सोने के गहने और नकदी बरामद हुई।
चोरी के गहनों से बनाते थे नई ज्वेलरी
पुलिस की पूछताछ में कथित तौर पर दोनों ने अपना जुर्म कबूल कर लिया। आरोप है कि बैंक मैनेजर के घर से गहने चोरी करने के बाद रूपा उन्हें अपने साथी उत्तम को सौंप देती थी। उत्तम चोरी के कुछ गहनों को नकद में बेच देता था, जबकि बाकी गहनों को पिघलाकर नए गहने तैयार करवाए जाते थे। इस तरह चोरी के गहनों को ठिकाने लगाकर दोनों अपनी आलीशान जिंदगी जी रहे थे।
फिलहाल हरिदेवपुर थाने की पुलिस ने रूपा सांतरा और उत्तम मंडल को गिरफ्तार कर लिया है। पुलिस दोनों से पूछताछ कर रही है और मामले के अन्य पहलुओं की जांच जारी है।