

कोलकाता: टीएमसी सांसद महुआ मोइत्रा ने विमान सेवा और यात्री सुरक्षा को लेकर गंभीर सवाल उठाए हैं। उन्होंने आरोप लगाया कि गुरुवार को इंडिगो की फ्लाइट 6E-719 से दिल्ली जाते समय कुछ सहयात्रियों ने उनके साथ अभद्र व्यवहार किया और बिना अनुमति उनका वीडियो बनाया।
सूत्रों के अनुसार, महुआ मोइत्रा संसद की स्थायी समिति की बैठक में शामिल होने के लिए दिल्ली जा रही थीं। उनका आरोप है कि 4 से 6 लोगों का एक समूह विमान में चढ़ने के बाद से ही उन्हें घूर रहा था और आपत्तिजनक इशारे कर रहा था। स्थिति तब और बिगड़ गई जब दिल्ली में विमान के उतरने के बाद कुछ लोगों ने मोबाइल से उनका वीडियो बनाना शुरू कर दिया और “चोर-चोर” के नारे लगाए।
इससे विमान के भीतर असहज माहौल बन गया। बाद में केबिन क्रू ने स्थिति को नियंत्रित किया। सोशल मीडिया प्लेटफॉर्म एक्स पर महुआ ने लिखा कि यह “सामान्य जनाक्रोश नहीं, बल्कि सीधी उत्पीड़न की घटना और सुरक्षा का उल्लंघन” है।
उन्होंने नागरिक उड्डयन मंत्री राममोहन नायडू किंजरापु को टैग करते हुए आरोपियों की पहचान कर उन्हें ‘नो-फ्लाई लिस्ट’ में डालने की मांग की। सूत्रों के मुताबिक, इंडिगो ने मामले की आंतरिक जांच शुरू कर दी है, हालांकि अभी तक इस पर कोई आधिकारिक बयान जारी नहीं किया गया है।