

सन्मार्ग संवाददाता
कोलकाता : श्री सिद्धिविनायक देवस्थानम, कोलकाता में धनतेरस और दीपावली के पावन अवसर पर श्रद्धालु भक्तों ने गहरी आस्था और भक्ति के साथ श्री महालक्ष्मी पूजन कर सुख-समृद्धि की कामना की। मंदिर परिसर भक्ति-भावना और दिव्य ऊर्जा से सराबोर रहा।
मंदिर के ट्रस्टी सुशील गोयनका ने बताया कि इस अवसर पर भगवान श्री सिद्धिविनायक गणेश जी के अलौकिक दर्शन, मंगला आरती, महा आरती, सायं आरती, और शयन आरती में बड़ी संख्या में श्रद्धालु सम्मिलित हुए। भजनों की मधुर धुनों और कीर्तन की अमृत वर्षा से भक्त भावविभोर हो उठे।
अन्नकूट महोत्सव का आयोजन भी दीपावली पश्चात विशेष श्रद्धा के साथ किया जाएगा। वहीं, 23 अक्टूबर को भैया दूज का पर्व भी पारंपरिक रूप से मनाया जाएगा।
प्रदीप नैयर और सुभाष मुरारका ने जानकारी दी कि 5 नवंबर को हरिपाल स्थित आराध्येश्वर मंदिर और 6 नवंबर को श्री सिद्धिविनायक देवस्थानम, कोलकाता में देव दीपावली पूरे उत्साह और भक्ति भाव से मनाई जाएगी। इन आयोजनों की तैयारियाँ ज़ोर-शोर से चल रही हैं।
मंदिर के ट्रस्टी राधेश्याम गोयनका और राधेश्याम अग्रवाल के मार्गदर्शन में आयोजन को सफल बनाने हेतु कई गणमान्य सदस्य और कार्यकर्ता सक्रिय भूमिका निभा रहे हैं, जिनमें राजकुमार गोयनका, प्रदीप नैयर, सुभाष मुरारका, देवकीनंदन गुप्ता, बनवारीलाल चौधरी, राजकुमार कटारूका, उदय चौधरी, गोपाल भालोटिया, कमल सराफ, शैलेश बाजला, उत्कर्ष मोदी, सुभाष सराफ, अर्जुन धवन सहित अन्य शामिल हैं।
देव दीपावली के भव्य आयोजन में दीपों की सजावट, भजन-कीर्तन, और विशेष पूजन की व्यवस्था की जा रही है। श्रद्धालु इस महापर्व का बेसब्री से इंतजार कर रहे हैं।