

कोलकाता : तृणमूल कांग्रेस की अंदरूनी कलह के बीच वरिष्ठ नेता व ऋतब्रत बनर्जी समर्थक विधायक मदन मित्रा ने टीएमसी सुप्रीमो ममता बनर्जी पर सीधे निशाना साधते हुए भ्रष्टाचार को लेकर बड़ा विस्फोट किया है। बुधवार को विधानसभा परिसर में उन्होंने दावा किया कि वाम मोर्चे के 34 वर्षों के शासन में जितना भ्रष्टाचार हुआ, उससे कहीं अधिक भ्रष्टाचार ममता बनर्जी के 15 वर्षों के शासन में हुआ है।
मदन ने कहा कि तृणमूल कांग्रेस के खिलाफ लगाए गए भ्रष्टाचार के अधिकांश आरोप सही हैं। उनके शब्दों में, “तृणमूल कांग्रेस के कोने-कोने में भ्रष्टाचार है और इसके पीछे ममता बनर्जी हैं।” उन्होंने आरोप लगाया कि ममता के निर्देश पर सरकार के विभिन्न स्तरों पर बेलगाम भ्रष्टाचार हुआ।
मदन ने आरोप लगाया कि ममता ने खुद को चतुराई से भ्रष्टाचार के मामलों से अलग रखा और पार्टी के वरिष्ठ नेताओं तथा मंत्रियों को इसकी कालिख अपने हाथों पर मलने के लिए आगे कर दिया। उन्होंने कहा, “मुझसे भी दीदी ने कई गुनाह करवाए हैं। उन बातों को कहकर मैं और कड़वाहट नहीं बढ़ाना चाहता।”
मदन के बयान पर वरिष्ठ तृणमूल नेता शोभनदेव चट्टोपाध्याय ने पलटवार किया। उन्होंने कहा, “मदन एक जोकर हैं। वह हमेशा ऐसी अलपटक टिप्पणियां करते हैं। उनकी बातों का कोई महत्व नहीं है।”