ममता ने भ्रष्टाचार रोकने की कोशिश नहीं की : मदन

बोले—भ्रष्ट लोगों से घिरी रहीं पूर्व मुख्यमंत्री
मदन मित्र
मदन मित्र
Published on

कोलकाता : तृणमूल कांग्रेस के ऋतब्रत गुट के वरिष्ठ विधायक मदन मित्र ने अपनी ही पार्टी की पूर्व मुख्यमंत्री ममता बनर्जी पर भ्रष्टाचार को लेकर गंभीर आरोप लगाये हैं। मंगलवार को उन्होंने कहा कि ममता बनर्जी ने भ्रष्टाचार रोकने के लिए कभी सचेत और पर्याप्त प्रयास नहीं किया। मदन ने आरोप लगाया कि भ्रष्ट लोगों का एक समूह हमेशा उन्हें घेरे रहता था। उनके इस बयान से तृणमूल कांग्रेस की अंदरूनी राजनीति में नया विवाद खड़ा हो गया है।

मदन मित्र ने कहा कि वाममोर्चा शासन के दौरान भी भ्रष्टाचार होता था, लेकिन उस समय भ्रष्ट लोगों के खिलाफ कार्रवाई नहीं हुई। वहीं, तृणमूल शासन में भ्रष्टाचार के कई मामलों में लोग पकड़े गये। उन्होंने भाजपा पर भी निशाना साधते हुए कहा कि अब ‘‘तृणमूल के चोर भाजपा में जा रहे हैं।’’

हालांकि, उन्होंने भाजपा में भी बड़े पैमाने पर तोलाबाजी होने का आरोप लगाया। साथ ही प्रदेश भाजपा अध्यक्ष शमिक भट्टाचार्य और मुख्यमंत्री शुभेंदु अधिकारी द्वारा सार्वजनिक रूप से तोलाबाजी की निंदा किये जाने की सराहना की।

कमरहट्टी नगरपालिका पर सवाल

मदन ने कमरहट्टी नगरपालिका की स्थिति पर भी चिंता जतायी। उन्होंने आरोप लगाया कि नगरपालिका कर्मचारियों को समय पर वेतन नहीं मिल रहा है और प्रशासनिक गतिरोध के कारण नागरिक सेवाएं प्रभावित हो रही हैं। इस संबंध में उन्होंने श्रम मंत्री अर्जुन सिंह से मुलाकात कर कर्मचारियों की समस्या के समाधान में हस्तक्षेप की मांग की। मदन ने कमरहट्टी नगरपालिका में जल्द प्रशासक नियुक्त करने की भी मांग की।

Google पर सन्मार्ग न्यूज़ पडे →
logo
Sanmarg Hindi daily
sanmarg.in