फाइल फोटो
फाइल फोटो

मां दुर्गा के गहनों की सुरक्षा में तैनात होंगे सशस्त्र जवान

Published on: 

लालबाजार ने किए विशेष इंतजाम,

15 पूजा मंडप पुलिस की निगरानी में

दो शिफ्टों में होगी ड्यूटी; सीसीटीवी से भी रखी जाएगी नजर

सन्मार्ग संवाददाता

कोलकाता:

दुर्गा पूजा के दौरान मां दुर्गा के कीमती आभूषणों की सुरक्षा के लिए कोलकाता पुलिस ने विशेष व्यवस्था की है। शहर के 15 प्रमुख पूजा मंडपों में सशस्त्र पुलिसकर्मियों की तैनाती की गई है। मां के पास आभूषण रहने तक पुलिस उनकी सुरक्षा में मुस्तैद रहेगी।लालबाजार ने मध्य कोलकाता के एक बड़े और प्रसिद्ध पूजा मंडप में दो पुलिस अधिकारियों और दो जवानों को राइफल के साथ तैनात किया है। अधिकारियों में एक सब-इंस्पेक्टर या सार्जेंट और एक सहायक सब-इंस्पेक्टर शामिल हैं। दोनों के पास सर्विस पिस्तौल भी रहेगी। वहीं, तालतला के एसएन बनर्जी रोड स्थित एक मंडप में एक एसएसआई और दो कांस्टेबल राइफल के साथ सुरक्षा की जिम्मेदारी संभाल रहे हैं।शेष 13 मंडपों में दो-दो पुलिसकर्मी ऑटोमैटिक राइफलों के साथ तैनात हैं। इनमें चार मंडप बेनियापुकुर इलाके में हैं। इसके अलावा श्यामपुकुर, जोड़ाबागान, बल्लीगंज, कालीघाट, भवानीपुर, गरियाहाट, पंचसायर और एंटाली समेत शहर के विभिन्न इलाकों में सुरक्षा व्यवस्था की गई है।आभूषणों की सुरक्षा में किसी तरह की चूक न हो, इसके लिए पुलिसकर्मियों और अधिकारियों की दो शिफ्टों में ड्यूटी लगाई गई है। पुलिस इस बात पर भी नजर रख रही है कि कोई दर्शनार्थी या बाहरी व्यक्ति दुर्गा प्रतिमा के अत्यधिक करीब न पहुंचे।पुलिस के निर्देश पर पूजा आयोजकों ने भी सुरक्षा बढ़ा दी है। अधिकांश मंडपों में निजी सुरक्षा गार्ड और कुछ जगहों पर हथियारबंद सुरक्षाकर्मी तैनात किए गए हैं। इसके अलावा, सभी 15 मंडपों में कई सीसीटीवी कैमरे लगाए गए हैं। पुलिस के मुताबिक, आयोजक भी सीसीटीवी मॉनिटर के जरिए लगातार निगरानी कर रहे हैं।
सन्मार्ग को Google पर पसंदीदा सोर्स बनाएं →
logo
Sanmarg Hindi daily
sanmarg.in