एलआईसी ने सुरुचि संघ पर लगाया जमीन कब्जा करने का आरोप

न्यू अलीपुर थाने में शिकायत दर्ज
फाइल फोटो
फाइल फोटो
Published on

कोलकाता : भारतीय जीवन बीमा निगम (एलआईसी) ने दक्षिण कोलकाता के चर्चित दुर्गा पूजा आयोजक क्लब न्यू अलीपुर सुरुचि संघ के खिलाफ पुलिस में शिकायत दर्ज कराई है। एलआईसी का आरोप है कि क्लब ने उसकी लगभग 23 कट्ठा जमीन पर अवैध कब्जा कर रखा है। शनिवार को एलआईसी के वरिष्ठ अधिकारियों ने संबंधित स्थल का निरीक्षण किया और पुलिस प्रशासन से हस्तक्षेप कर जमीन का कब्जा वापस दिलाने की मांग की। यह मामला ऐसे समय सामने आया है जब क्लब से जुड़े स्वरूप विश्वास की हाल ही में गिरफ्तारी हुई है। निरीक्षण के दौरान एलआईसी के वरिष्ठ अधिकारी पंकज कुमार बसु ने कहा कि बीमा निगम कई वर्षों से इस मुद्दे को प्रशासन के समक्ष उठाता रहा है, लेकिन अब तक कोई ठोस कार्रवाई नहीं हुई। उन्होंने बताया कि हालिया घटनाक्रमों के बाद एलआईसी अधिकारियों को संपत्ति तक पहुंचने और औपचारिक शिकायत दर्ज कराने का अवसर मिला है।

एलआईसी अधिकारियों का दावा है कि जिस भूखंड को लेकर विवाद है, उसी पर वर्षों से सुरुचि संघ अपनी प्रसिद्ध दुर्गा पूजा आयोजित करता रहा है। इस विवाद ने शहर की चर्चित दुर्गा पूजाओं में से एक के भविष्य को लेकर भी सवाल खड़े कर दिए हैं। एलआईसी ने यह भी आरोप लगाया है कि विवादित भूमि पर स्थायी निर्माण किया गया है। जीवन बीमा निगम अब कोलकाता नगर निगम (केएमसी) से जानकारी मांगेगा कि उसकी संपत्ति पर निर्माण की अनुमति किस आधार पर दी गई।

पुराना है विवाद

यह विवाद नया नहीं है। वर्ष 2010 में भी इस जमीन को लेकर विवाद सामने आया था। उस समय एलआईसी अधिकारियों ने दावा किया था कि क्लब ने 2008 में इस भूखंड पर कब्जा कर लिया था। तब भी एलआईसी ने बिना अनुमति भूमि के उपयोग पर आपत्ति जताई थी और पुलिस में शिकायत दर्ज कराई थी। हालांकि, मामले का कोई स्थायी समाधान नहीं निकल सका था।

11 करोड़ रुपये से अधिक बताई जा रही है कीमत

सूत्रों के अनुसार, इस जमीन की मौजूदा बाजार कीमत 11 करोड़ रुपये से अधिक है। एलआईसी का कहना है कि नियमों के अनुसार ऐसी संपत्तियों को सीधे किसी संस्था को बेचा नहीं जा सकता। उनका उपयोग नियमानुसार विकसित कर किराये या अन्य वैध प्रक्रियाओं के माध्यम से किया जा सकता है, जिससे मिलने वाला लाभ अंततः पॉलिसीधारकों को मिलता है।

Google पर संवाद सर्च बनाएं →
logo
Sanmarg Hindi daily
sanmarg.in