

कोलकाता : एकेडमी ऑफ फाइन आर्ट्स में दोबारा भगवा रंग किए जाने को लेकर राजनीतिक विवाद तेज हो गया है। बुधवार को शिवपुर के भाजपा विधायक रुद्रनील घोष अपने समर्थकों के साथ अकादमी पहुंचे और वहां भगवा रंग किया।
गुरुवार को विधानसभा में उन्होंने दावा किया कि अकादमी के दो काउंटर पहले से ही भगवा और डार्क चॉकलेट रंग के थे, जिसे हटाकर सफ़ेद करने के लिए मजबूरन उन्हें यह कदम उठाना पड़ा।। रुद्रनील ने अकादमी की बदहाल स्थिति को लेकर प्रबंधन पर भी निशाना साधा। उन्होंने आरोप लगाया कि लंबे समय से मरम्मत नहीं होने के कारण परिसर की स्थिति खराब है।
वर्किंग कमेटी की विफलता के चलते अकादमी का स्वरूप जंगल जैसा हो गया है। उन्होंने सीपीआईएम के श्रमिक संगठन पर अकादमी को अपने नियंत्रण में रखने की कोशिश का भी आरोप लगाया। भाजपा विधायक ने दावा किया कि अकादमी के कर्मचारियों ने पहले भी भगवा रंग किया था और भारत माता की तस्वीर लगायी थी।
उन्होंने कहा कि वह कलाकार के तौर पर कर्मचारियों के साथ रंग करने पहुंचे थे। साथ ही उन्होंने कहा कि पिछले 12 वर्षों से ट्रस्टी बोर्ड का चुनाव नहीं हुआ है। वहीं, माकपा नेता मोहम्मद सलीम ने भाजपा की कार्रवाई को राजनीतिक वर्चस्व कायम करने की कोशिश बताया।
सलीम ने कहा कि सांस्कृतिक संस्थानों पर किसी राजनीतिक दल का रंग या दबदबा नहीं होना चाहिए। अकादमी को अपने नियमों और स्वतंत्र वातावरण के अनुसार चलने देना चाहिए।