कोलकाता में फिर ED का देर रात तक छापा

शेक्सपियर सरणी के आवास में तलाशी
कोलकाता में फिर ED का देर रात तक छापा
Published on

सन्मार्ग संवाददाता

कोलकाता : पश्चिम बंगाल में एक बार फिर प्रवर्तन निदेशालय (ED) की कार्रवाई सामने आई है। बुधवार सुबह ED के अधिकारियों ने कोलकाता के शेक्सपियर सरणी स्थित एक आवासीय परिसर में छापेमारी की। यह कार्रवाई राष्ट्रीय राजमार्गों पर कथित टोल वसूली में भ्रष्टाचार और अवैध धन संग्रह से जुड़े मामले की जांच के तहत की जा रही है।

ED सूत्रों के मुताबिक, इस मामले में उत्तर प्रदेश की राजधानी लखनऊ में शिकायत दर्ज की गई थी। इसी शिकायत के आधार पर ED ने बुधवार को देश के सात राज्यों में करीब 14 ठिकानों पर एक साथ तलाशी अभियान चलाया। इनमें पश्चिम बंगाल के अलावा उत्तर प्रदेश, मध्य प्रदेश, महाराष्ट्र और राजस्थान समेत अन्य राज्य शामिल हैं।

कोलकाता के शेक्सपियर सरणी स्थित आवासीय परिसर की तीसरी मंजिल पर मौजूद एक कार्यालय में ED के अधिकारी पहुंचे। आरोप है कि एक विशेष सॉफ्टवेयर का इस्तेमाल कर राष्ट्रीय राजमार्गों पर अवैध तरीके से टोल की वसूली की गई।

ED की टीम इस कथित टोल घोटाले से जुड़े दस्तावेज और अन्य जानकारी जुटा रही है। जांच एजेंसी यह पता लगाने की कोशिश कर रही है कि टोल से प्राप्त रकम कहां गई और इस पूरे मामले में कौन-कौन लोग शामिल हैं।

ED सूत्रों के अनुसार, कुछ अहम जानकारियां मिलने के बाद यह व्यापक तलाशी अभियान शुरू किया गया है। अधिकारियों द्वारा विभिन्न ठिकानों पर दस्तावेजों और अन्य संभावित सबूतों की जांच की जा रही है।

Google पर सन्मार्ग न्यूज़ पडे →
logo
Sanmarg Hindi daily
sanmarg.in