दुष्कर्म में नाकाम रहने पर मकान मालिक ने युवती पर किया हमला, गिरफ्तार

प्रगति मैदान थाना इलाके की घटना
फाइल फोटो
फाइल फोटो
Published on

कोलकाता : दुष्कर्म के प्रयास में नाकाम रहने पर एक युवक ने युवती पर ब्लेड से हमला कर दिया। घटना प्रगति मैदान थाना इलाके की है। वारदात के समय पीड़िता घर में अकेली थी। पुलिस ने तत्परता दिखाते हुए अभियुक्त मकान मालिक को गिरफ्तार कर लिया है। उसके खिलाफ दुष्कर्म के प्रयास और जानलेवा हमले सहित विभिन्न धाराओं के तहत मामला दर्ज किया गया है।

पुलिस सूत्रों से मिली जानकारी के अनुसार पीड़िता प्रगति मैदान थाना क्षेत्र में अभियुक्त गौर मंडल के घर में किराए पर रहती है। शनिवार की रात वह अपने कमरे में अकेली थी। दरवाजा खुला देखकर अभियुक्त गौर मंडल जबरन उसके कमरे में घुस गया और पीछे से उसे दबोच लिया। युवती ने जब विरोध करते हुए उसे पीछे धकेला, तो उसने कमरे में रखी रस्सी से उसके दोनों हाथ बांध दिए। इसके बाद अभियुक्त ने युवती से दुष्कर्म करने का प्रयास किया। हालांकि, पीड़िता ने अपनी पूरी ताकत लगाकर उसका विरोध किया और पैर मारकर उसे खुद से दूर हटाने की कोशिश की। युवती के कड़े विरोध से बौखलाए अभियुक्त ने कमरे में रखे ब्लेड से उसके निजी अंग पर हमला कर दिया। हमले में युवती बुरी तरह लहूलुहान हो गई, जिसके बाद अभियुक्त मौके से फरार हो गया।

युवती की चीख-पुकार सुनकर घर के अन्य किराएदार तुरंत वहां पहुंचे। उन्होंने पीड़िता को खून से लथपथ हालत में पाया। पीड़िता ने आपबीती सुनाते हुए मकान मालिक गौर मंडल पर हमले का आरोप लगाया। सूचना मिलते ही प्रगति मैदान थाने की पुलिस मौके पर पहुंची और पीड़िता को तुरंत अस्पताल पहुंचाया, जहां फिलहाल उसका इलाज चल रहा है। युवती की शिकायत के आधार पर पुलिस ने मामला दर्ज कर अभियुक्त गौर मंडल को गिरफ्तार कर लिया।

Google पर संवाद सर्च बनाएं →
logo
Sanmarg Hindi daily
sanmarg.in