लालबाजार सेंट्रल लॉकअप की सुरक्षा होगी और सख्त

54 नए CCTV कैमरे लगाए जाएंगे
फाइल फोटो
फाइल फोटो
Published on

सन्मार्ग संवाददाता

कोलकाता : कोलकाता पुलिस मुख्यालय लालबाजार के सेंट्रल लॉकअप में सुरक्षा व्यवस्था और निगरानी प्रणाली को और मजबूत करने की तैयारी चल रही है। सुरक्षा समीक्षा के बाद पुलिस ने लॉकअप में 54 नए सीसीटीवी कैमरे लगाने का फैसला किया है। इसके साथ ही राजनीतिक प्रदर्शन या नागरिक अवज्ञा कार्यक्रमों के दौरान हिरासत में लिए गए लोगों के लिए नई व्यवस्था लागू की जाएगी। नई व्यवस्था के तहत प्रदर्शन के दौरान हिरासत में लिए गए लोगों को लॉकअप में प्रवेश से पहले अपने निजी सामान जमा करने होंगे। अब वे अपने साथ मोबाइल फोन, बैग या अन्य व्यक्तिगत वस्तुएं अंदर नहीं ले जा सकेंगे। पुलिस सूत्रों के अनुसार, मोबाइल फोन रखने के लिए विशेष लॉकर लगाए गए हैं। वहीं बैग और अन्य सामान का रिकॉर्ड तैयार कर उन्हें पास के एक स्टोर रूम में सुरक्षित रखा जाएगा। हिरासत से रिहाई के समय संबंधित व्यक्ति को उसका सामान वापस कर दिया जाएगा। कोलकाता पुलिस ने सीसीटीवी निगरानी परियोजना के लिए ई-टेंडर जारी किया है। इस परियोजना की अनुमानित लागत 35.6 लाख रुपये है। टेंडर के तहत सीसीटीवी कैमरों की आपूर्ति, स्थापना, संचालन शुरू करना और रखरखाव शामिल है। टेंडर जमा करने की अंतिम तारीख 12 अगस्त निर्धारित की गई है। पुलिस सूत्रों का कहना है कि इस कदम का उद्देश्य हिरासत में रखे गए लोगों द्वारा बिना अनुमति संचार या रिकॉर्डिंग की संभावनाओं को रोकना और राजनीतिक मामलों में हिरासत प्रक्रिया को अधिक पारदर्शी बनाना है। नई निगरानी व्यवस्था से लॉकअप की सुरक्षा बढ़ने के साथ-साथ वहां होने वाली गतिविधियों पर बेहतर नजर रखी जा सकेगी।

Google पर सन्मार्ग न्यूज़ पडे →
logo
Sanmarg Hindi daily
sanmarg.in