ईद से पहले कोलकाता में सफाई व्यवस्था पर सवाल, पुलिस ने जतायी चिंता

सड़क पर नमाज अदा करने पर लगायी रोक
फाइल फोटो
फाइल फोटो
Published on

कोलकाता : ईद-उल-अजहा से महज दो दिन पहले भी कोलकाता के कई अहम इलाकों में अस्थायी कचरा वाहन नहीं पहुंचे हैं। इसे लेकर कोलकाता पुलिस और नगर निगम के बीच तालमेल की कमी सामने आई है। मंगलवार को लालबाजार की ओर से बॉडीगार्ड लाइंस में हुई एक अहम बैठक में पुलिस अधिकारियों ने इस मुद्दे पर चिंता जताई। बैठक में कई थाना प्रभारी और डिविजन के डीसी मौजूद थे। अधिकारियों ने कहा कि नगर निगम की ओर से अब तक यह स्पष्ट नहीं किया गया है कि संवेदनशील इलाकों में पर्याप्त सफाईकर्मी, पानी, ब्लीचिंग पाउडर और कचरा उठाने वाले ट्रक भेजे जाएंगे या नहीं। हालांकि लालबाजार के वरिष्ठ अधिकारियों ने बताया कि कोलकाता पुलिस की ओर से नगर आयुक्त को पहले ही पत्र भेजा जा चुका है और जल्द कार्रवाई की उम्मीद है। बैठक में ईद को लेकर कई दिशा-निर्देश भी जारी किए गए। पुलिस ने साफ कहा कि जहां ट्रैफिक चालू हो, वहां सड़क घेरकर नमाज नहीं पढ़ी जा सकती। हालांकि धार्मिक स्थलों के सामने या ऐसी चौड़ी सड़कों पर, जहां यातायात प्रभावित न हो, नमाज की अनुमति दी जा सकती है। भीड़ अधिक होने पर दो या तीन शिफ्ट में नमाज पढ़ाने का सुझाव भी दिया गया। इसके अलावा कुर्बानी को लेकर भी दिशा-निर्देश जारी किए गए हैं। हर साल जिन इलाकों में बड़ी संख्या में कुर्बानी होती है, वहां नगर निगम अस्थायी ट्रक लगाकर कचरा हटाने की व्यवस्था करता है। लेकिन इस बार अब तक ऐसी कोई तैयारी जमीन पर दिखाई नहीं दी है, जिससे पुलिस प्रशासन की चिंता बढ़ गई है।

logo
Sanmarg Hindi daily
sanmarg.in