

कोलकाता : आगामी चुनाव को देखते हुए कोलकाता पुलिस मुख्यालय लालबाजार ने शहर के सभी थानों को सख्त निर्देश जारी किए हैं। कई मामलों में अब तक गिरफ्तारी वारंट तामील नहीं होने की खबर के बाद यह कदम उठाया गया है। लालबाजार की ओर से स्पष्ट निर्देश दिया गया है कि जिन लोगों के खिलाफ वारंट जारी हैं, उन्हें तुरंत गिरफ्तार किया जाए। यदि किसी कारणवश गिरफ्तारी संभव नहीं हो पा रही है, तो संबंधित थानों को इसकी पूरी जानकारी मुख्यालय को देनी होगी। निर्देश में केवल गैर-जमानती वारंट ही नहीं, बल्कि जमानती वारंटों के निष्पादन की स्थिति भी बताने को कहा गया है। सूत्रों के मुताबिक, जिन मामलों में अब तक कोई कार्रवाई नहीं हुई है, उनकी सूची भी तैयार कर जल्द रिपोर्ट करने को कहा गया है। इससे पहले चुनाव आयोग भी गैर-जमानती वारंटों को लेकर कड़ा रुख अपना चुका है। आयोग ने निर्देश दिया था कि ऐसे सभी मामलों में 10 दिनों के भीतर गिरफ्तारी सुनिश्चित की जाए। साथ ही पिछले चुनावों से जुड़े लंबित आपराधिक मामलों को भी शीघ्र निपटाने का आदेश दिया गया था। लालबाजार का मानना है कि चुनाव के दौरान वारंट का निष्पादन अत्यंत महत्वपूर्ण होता है, ताकि कानून-व्यवस्था बनायी रखी जा सके। इसी के साथ पुलिसकर्मियों को अपने कर्तव्यों के निर्वहन में अधिक सतर्क रहने को कहा गया है। सूत्रों के अनुसार, कुछ पुलिसकर्मी निर्धारित नियमों का पालन नहीं कर रहे थे, जिसे लेकर भी चिंता जताई गई है। सभी को तय दिशा-निर्देशों का पालन करने का सख्त निर्देश दिया गया है।