

कोलकाता : साइबर अपराधियों ने साल्टलेक के सेक्टर 3 स्थित एचबी ब्लॉक के एक 67 वर्षीय बुजुर्ग को अपना निशाना बनाते हुए उनके बैंक खाते से 9.58 लाख रुपये उड़ा लिये। ठगी की यह वारदात केवाईसी अपडेट करने के बहाने अंजाम दी गई। पुलिस ने गुरुवार को मामला दर्ज कर जांच शुरू कर दी है।
झांसे में लेकर डाउनलोड कराया ऐप
पुलिस के अनुसार, पीड़ित बुजुर्ग के पास 27 अप्रैल की दोपहर करीब 3 बजे एक फोन कॉल आया। कॉल करने वाली महिला ने अपना नाम 'पायल चौधरी' बताया और दावा किया कि वह एक निजी बैंक से बोल रही है, जहां बुजुर्ग का खाता है। उसने बेहद प्रोफेशनल तरीके से बात करते हुए कहा कि उनका केवाईसी तुरंत अपडेट करना जरूरी है, वरना खाता बंद हो सकता है। जालसाज के झांसे में आकर बुजुर्ग ने उसके बताए अनुसार एक मोबाइल एप्लिकेशन डाउनलोड कर लिया। इसके बाद अपराधी ने उनसे बैंक यूजर आईडी और पासवर्ड जैसी संवेदनशील जानकारी हासिल कर ली।
दो दिनों में किये 18 अवैध ट्रांजैक्शन
जांच अधिकारियों ने बताया कि जैसे ही जालसाजों को बैंक खाते का एक्सेस मिला, उन्होंने सेंधमारी शुरू कर दी। 27 और 28 अप्रैल के बीच पीड़ित के खाते से कुल 18 बार अवैध तरीके से पैसे निकाले गए। जब तक बुजुर्ग को धोखाधड़ी का अहसास हुआ, तब तक उनके खाते से 9,58,300 रुपये गायब हो चुके थे। बिधाननगर पुलिस के एक वरिष्ठ अधिकारी ने बताया कि आरोपितों का पता लगाने के लिए कॉल रिकॉर्ड्स, बैंक ट्रांजैक्शन ट्रेल और डिजिटल फुटप्रिंट्स की बारीकी से जांच की जा रही है।