

सन्मार्ग संवाददाता
नई दिल्ली : अखिल भारतीय अग्रवाल संगठन की ओर से देश-विदेश के चुनिंदा विशिष्ट व्यक्तित्वों को प्रतिष्ठित ‘महाराजा अग्रसेन ग्लोबल आइकॉन अवॉर्ड’ से सम्मानित किया गया। नई दिल्ली के जनपथ स्थित डॉ. आंबेडकर इंटरनेशनल कन्वेंशन सेंटर में आयोजित समारोह में उद्योग जगत की जानी-मानी हस्ती एवं रूपा एंड कंपनी लिमिटेड के प्रबंध निदेशक श्री कुंज बिहारी अग्रवाल को इस सम्मान के लिए चुना गया।
विवाह समारोह में व्यस्तता के कारण श्री अग्रवाल स्वयं कार्यक्रम में उपस्थित नहीं हो सके। उनकी ओर से उनके मित्र के पुत्र रोहित गुप्ता ने समारोह में पहुंचकर यह सम्मान ग्रहण किया।
श्री कुंज बिहारी अग्रवाल को भारतीय होजरी उद्योग में उनके उल्लेखनीय योगदान, दूरदर्शी नेतृत्व और सामाजिक सरोकारों के प्रति प्रतिबद्धता के लिए जाना जाता है। चार दशकों से अधिक के अनुभव के साथ उन्होंने रूपा एंड कंपनी को देश की अग्रणी होजरी कंपनियों में स्थापित करने में महत्वपूर्ण भूमिका निभाई है।
वे उद्योग, शिक्षा और सामाजिक क्षेत्र की कई प्रतिष्ठित संस्थाओं से जुड़े हैं। नागरिक स्वास्थ्य संघ, कोलकाता के अध्यक्ष और रूपा फाउंडेशन के ट्रस्टी के रूप में भी वे सक्रिय भूमिका निभा रहे हैं। शिक्षा, स्वास्थ्य और सामुदायिक कल्याण के क्षेत्र में उनका योगदान उल्लेखनीय है। यह सम्मान उनके व्यावसायिक नेतृत्व और सामाजिक प्रतिबद्धता का विशेष सम्मान है।