

रामबालक, सन्मार्ग संवाददाता
दक्षिण 24 परगना: कुलपी में तृणमूल कांग्रेस के एक नेता की कार में आधी रात को हुए भीषण बम विस्फोट से इलाके में सनसनी फैल गई। विस्फोट इतना जबरदस्त था कि गैराज का एस्बेस्टस का छप्पर उड़ गया और कार बुरी तरह क्षतिग्रस्त हो गई। घटना के बाद से इलाके में तनाव का माहौल है और मामले ने राजनीतिक रंग भी ले लिया है। तृणमूल कांग्रेस का दावा है कि इस घटना के पीछे आईएसएफ का हाथ है। वहीं नौशाद सिद्दीकी की पार्टी के कर्मियों ने पलटवार करते हुए आरोप लगाया है कि तृणमूल नेता ने चुनाव को ध्यान में रखते हुए बम जमा कर रखे थे, जिनमें विस्फोट हुआ। दोनों पक्षों के आरोप-प्रत्यारोप के बीच पुलिस ने जांच शुरू कर दी है। प्राप्त जानकारी के अनुसार, कुलपी के छामनाबुनी गांव के निवासी कुतुबुद्दीन पैक तृणमूल कांग्रेस के बूथ अध्यक्ष हैं। अन्य दिनों की तरह शुक्रवार रात भी उनकी कार घर के गैराज में खड़ी थी। आधी रात को अचानक तेज धमाके की आवाज सुनकर स्थानीय लोग बाहर निकले। उन्होंने देखा कि कार के शीशे टूट चुके हैं और गैराज का छप्पर उड़ गया है। तुरंत कुलपी थाने को सूचना दी गई। कुतुबुद्दीन का आरोप है कि इससे पहले भी उनके घर पर बमबाजी की घटना हो चुकी है, तब भी आईएसएफ पर हमले का आरोप लगा था। इस बार भी उन्होंने नौशाद सिद्दीकी की पार्टी को ही कटघरे में खड़ा किया है। तृणमूल नेता ने साफ कहा कि आरोपियों की गिरफ्तारी जरूरी है। घटना के बाद से स्थानीय लोग दहशत में हैं। उनका सवाल है कि आखिर कब इस इलाके में शांति लौटेगी। पुलिस का कहना है कि मामले की जांच शुरू कर दी गई है और जल्द ही आरोपियों को गिरफ्तार किया जाएगा।
कुलपी विधायक ने यह कहा : कुतुबुद्दीन पैक कुछ माह पहले ही तृणमूल में शामिल हुआ है।इस मामले में पुलिस घटना की जांच कर रही है।