फाइल फोटो
फाइल फोटो

कसबा के मॉल में डॉक्टर की पत्नी से मारपीट व छेड़छाड़

Published on

मॉल के सिनेमा हॉल के अंदर घटी घटना, छह गिरफ्तार

एक अभियुक्त ने खुद को जेयू का छात्र बताकर पुलिस को दी धमकी

सन्मार्ग संवाददाता

कोलकाता :

कसबा थानांतर्गत राजडांगा मेन रोड स्थित मॉल के सिनेमा हॉल में एक डॉक्टर की पत्नी से छेड़छाड़ का सनसनीखेज मामला सामने आया है। पीड़िता के पति और दोस्तों ने छेड़छाड़ और अश्लील हरकतों का विरोध किया तो उनके साथ भी मारपीट की गयी। बाद में पीड़िता की शिकायत पर पुलिस ने त्वरित कार्रवाई करते हुए 6 आरोपियों को गिरफ्तार कर लिया है। आरोपियों की पहचान आनंद कुमार, सुरेश कुमार, अरविंद कुमार, सृजन दरबार, मनोज राय और अरिंदम घोष के रूप में हुई है। पुलिस के अनुसार, पूछताछ के दौरान सृजन ने खुद को जादवपुर विश्वविद्यालय का छात्र बताया और गिरफ्तारी के गंभीर परिणाम भुगतने की धमकी भी दी।

क्या है पूरा मामला

जानकारी के अनुसार बांसद्रोणी की रहनेवाली पीड़िता का पति पेशे से डॉक्टर हैं। रविवार शाम अपने पति व दोस्तों के साथ वह फिल्म देखने कसबा के मॉल में गई थीं । पीड़िता के अनुसार, रविवार शाम 7:25 बजे का शो था। हॉल के अंदर प्रवेश करते ही एक निश्चित पंक्ति से उन्हें लगातार भद्दे और यौन उत्पीड़क कमेंट्स सुनने को मिले। आरोप है कि ‘मिर्जापुर’ फिल्म के सीन आते ही आरोपियों ने महिलाओं के प्रति अपमानजनक टिप्पणियां कीं। कुछ ही मिनटों में आरोपी अपनी जगह से उठकर उनके सामने आकर बैठ गए। आरोप है कि वे अत्यधिक नशे में थे, गुटखा खाकर थूक रहे थे और विरोध करने पर दंपति व उनके दोस्तों के साथ मारपीट तथा गाली-गलौज पर उतर आए। सिनेमा हॉल के कर्मचारियों ने स्थिति की गंभीरता को देखते हुए तुरंत हस्तक्षेप किया और कसबा थाने को सूचना दी। मौके पर पहुंची पुलिस के साथ भी आरोपियों ने बहस और अभद्रता की। पीड़िता के पति ने कहा कि पुलिस की भूमिका पर कोई सवाल नहीं है, लेकिन सवाल मॉल प्रशासन पर उठता है। हॉल के अंदर स्मोकिंग हो रही थी। यदि सीसीटीवी नहीं है, तो वहां बाउंसर तैनात होने चाहिए थे। विवाद के दौरान एक भी सुरक्षा गार्ड नहीं आया, केवल पॉपकॉर्न और कोल्डड्रिंक बेचने वाले कर्मचारी उन्हें रोकने आए थे। महिला के अनुसार वे लगातार उकसाने वाले कमेंट्स कर रहे थे। नशे की हालत में उनके मुंह से झाग निकल रहा था। पति और दोस्तों के सामने इस तरह की बदसलूकी से हम बेहद डरे हुए हैं। फिलहाल पुलिस अभियुक्तों से पूछताछ कर मामले की जांच कर रही है।
सन्मार्ग को Google पर पसंदीदा सोर्स बनाएं →
logo
Sanmarg Hindi daily
sanmarg.in