कृष्णानगर नॉर्थ सीट : तृणमूल उम्मीदवार का नामांकन रद्द, बदला उम्मीदवार

महुआ मोइत्रा के करीबी सोमनाथ दत्ता को मिला तृणमूल का टिकट

कृष्णानगर नॉर्थ सीट : तृणमूल उम्मीदवार का नामांकन रद्द, बदला उम्मीदवार
Published on

केडी पार्थ, सन्मार्ग संवाददाता

कोलकाता : पश्चिम बंगाल के नदिया जिले की कृष्णानगर नॉर्थ विधानसभा सीट पर तृणमूल कांग्रेस को बड़ा झटका लगा है। पार्टी के घोषित उम्मीदवार अभिनव भट्टाचार्य का नामांकन रद्द होने के बाद अब नये चेहरे के रूप में सोमनाथ दत्ता को मैदान में उतारा गया है। इस बदलाव ने चुनावी समीकरण को नया मोड़ दे दिया है।

नामांकन रद्द होने की वजह

तृणमूल कांग्रेस के पहले उम्मीदवार अभिनव भट्टाचार्य का नामांकन रिप्रेजेंटेशन ऑफ द पीपल्स एक्ट के तहत रद्द कर दिया गया। जानकारी के अनुसार, राज्य सरकार के साथ बिजनेस डील होने के कारण यह कार्रवाई की गई, जिसे कानूनी रूप से अयोग्यता माना गया।

सोमनाथ दत्ता बने नये उम्मीदवार

नये उम्मीदवार के तौर पर सोमनाथ दत्ता को कृष्णानगर नॉर्थ सीट से उतारा गया है। वह पहले इस सीट से अपना नामांकन वापस ले चुके थे, लेकिन अब पार्टी ने उन्हें दोबारा उम्मीदवार बनाया है। सोमनाथ दत्ता को तृणमूल के “जोड़ाफूल” चुनाव चिह्न पर मैदान में उतारा गया है।

महुआ मोइत्रा का बयान

कृष्णानगर की सांसद Mahua Moitra ने स्पष्ट किया कि अभिनव भट्टाचार्य का नामांकन तकनीकी कारणों से रद्द हुआ है। उन्होंने कहा कि सोमनाथ दत्ता ने वैकल्पिक नामांकन दाखिल किया था, इसलिए उन्हें उम्मीदवार बनाया गया।

उम्मीदवार बदलने पर पार्टी का रुख

महुआ ने कहा कि उम्मीदवार बदलने से पार्टी को कोई नुकसान नहीं होगा। उन्होंने मुख्यमंत्री ममता बनर्जी के बयान का हवाला देते हुए कहा कि “ममता बनर्जी सभी सीटों की उम्मीदवार हैं,” और चुनाव असल में पार्टी के चुनाव चिह्न के लिए लड़ा जा रहा है।

अभिनव भट्टाचार्य भी करेंगे प्रचार

पार्टी ने स्पष्ट किया है कि भले ही अभिनव भट्टाचार्य का नामांकन रद्द हो गया हो, लेकिन वे चुनाव प्रचार में सक्रिय रहेंगे और नए उम्मीदवार सोमनाथ दत्ता के समर्थन में प्रचार करेंगे।

चुनावी समीकरण पर असर

कृष्णानगर नॉर्थ सीट पर उम्मीदवार बदलने से चुनावी समीकरण में बदलाव आ सकता है। हालांकि, तृणमूल कांग्रेस इसे रणनीतिक बदलाव मानते हुए आत्मविश्वास जताया। उन्होंने कहा कि इससे पार्टी की स्थिति पर खास असर नहीं पड़ेगा।

logo
Sanmarg Hindi daily
sanmarg.in