फाइल फोटो
कोलकाता सिटी
क्रेडिट कार्ड अपग्रेड के नाम पर 13.28 लाख रुपये की ठगी
करया थाना में मामला दर्ज
सन्मार्ग संवाददाता
कोलकाता :
क्रेडिट कार्ड की सेवाएं अपग्रेड कराने का झांसा देकर अज्ञात साइबर ठगों द्वारा एक व्यक्ति से 13. 28 लाख रुपये ठगने का मामला सामने आया है। पुलिस ने शिकायतकर्ता की तहरीर पर अज्ञात आरोपियों के खिलाफ आपराधिक साजिश और साइबर धोखाधड़ी का मामला दर्ज कर जांच शुरू कर दी है। मिली जानकारी के अनुसार, घटना 17 सितंबर और 18 सितंबर की रात की है। आरोपी व्यक्तियों ने खुद को एक्सिस बैंक क्रेडिट कार्ड का प्रतिनिधि बताकर शिकायतकर्ता से संपर्क किया। जालसाजों ने क्रेडिट कार्ड सेवाओं के अपग्रेडेशन का लालच देकर पीड़ित को झांसे में ले लिया।ठगों के बहकावे में आकर पीड़ित ने अपनी गोपनीय बैंकिंग जानकारी उनके साथ साझा कर दी। इसके कुछ ही देर बाद, पीड़ित के मोबाइल पर इंटरनेट बैंकिंग के माध्यम से अलग-अलग बैंक खातों से कुल 13.28 लाख रुपये कटने के संदेश प्राप्त हुए। ठगी का अहसास होने पर पीड़ित ने तुरंत पुलिस में शिकायत दर्ज कराई। पुलिस ने अज्ञात बदमाशों के खिलाफ मामला दर्ज कर ऑनलाइन प्लेटफॉर्म व संबंधित बैंक खातों के विवरण के आधार पर साइबर सेल की मदद से आरोपियों की तलाश शुरू कर दी है।

