मुख्यमंत्री के काफिले के नाम पर ट्रैफिक रोकने की खबर भ्रामक

अमेरिकी विदेश सचिव की सुरक्षा के कारण किया गया था यातायात नियंत्रण: कोलकाता पुलिस
फाइल फोटो
फाइल फोटो
Published on

कोलकाता: कोलकाता पुलिस ने सोशल मीडिया पर वायरल हो रहे उन दावों को पूरी तरह भ्रामक और गलत बताया है, जिनमें कहा जा रहा था कि मुख्यमंत्री शुभेंदु अधिकारी के काफिले के गुजरने के कारण शहर में लंबे समय तक ट्रैफिक रोका गया था। पुलिस की ओर से जारी बयान में स्पष्ट किया गया कि शनिवार को यातायात नियंत्रण अमेरिकी विदेश सचिव मार्को रुबियो की सुरक्षा व्यवस्था के मद्देनजर किया गया था। इसके अलावा चिंगड़ीघाटा इलाके में चल रहे मेट्रो निर्माण कार्य के कारण भी कुछ स्थानों पर यातायात नियंत्रित किया गया। दरअसल, शनिवार को सोशल मीडिया पर कई वीडियो और पोस्ट तेजी से वायरल हुए थे। इनमें दावा किया गया था कि मुख्यमंत्री के काफिले के लिए पीजी अस्पताल से एयरपोर्ट जाने वाले मार्ग, वीआईपी रोड और ईएम बाइपास जैसी महत्वपूर्ण सड़कों पर लगभग 45 मिनट तक यातायात रोक दिया गया। कुछ पोस्ट में यह भी आरोप लगाया गया कि इस दौरान एंबुलेंस तक को गुजरने नहीं दिया गया। इन दावों के बाद सोशल मीडिया पर लोगों ने नाराजगी जाहिर की थी । रविवार सुबह कोलकाता पुलिस ने अपने आधिकारिक फेसबुक पेज पर पोस्ट जारी कर इन दावों का खंडन किया। पुलिस ने कहा कि सोशल मीडिया पर गलत और भ्रामक जानकारी फैलाई जा रही है। पोस्ट में लोगों से अपील की गई कि वे ऐसे भ्रामक संदेशों को साझा न करें।

उल्लेखनीय है कि शनिवार को अमेरिकी विदेश सचिव मार्को रुबियो संक्षिप्त दौरे पर कोलकाता पहुंचे थे। इस दौरान उन्होंने मादर हाउस का दौरा किया और बाद में दिल्ली रवाना हो गए, जहां उन्होंने उच्चस्तरीय बैठकों में हिस्सा लिया।

logo
Sanmarg Hindi daily
sanmarg.in