सड़क दुर्घटनाओं को दावत दे रही केपी मंडल रोड

स्कूल के सामने केपी मंडल सड़क पर नहीं लगे हैं स्पीड ब्रेकर
स्कूल के सामने केपी मंडल सड़क पर नहीं लगे हैं स्पीड ब्रेकर
Published on

राम बालक, सन्मार्ग संवाददाता

बजबज : केपी मंडल रोड इन दिनों दुर्घटनाओं का कारण बनती जा रही है। स्थानीय लोगों का आरोप है कि सड़क के दोनों किनारों पर अवैध कब्जे के कारण आवागमन में परेशानी हो रही है। छोटी गाड़ियों से लेकर भारी वाहनों तक की आवाजाही वाले इस मार्ग पर अतिक्रमण के चलते सड़क की चौड़ाई कम हो गई है। इससे आए दिन जाम की स्थिति बनती है और दुर्घटनाओं का खतरा बना रहता है।

केपी मंडल सड़क की तस्वीर
केपी मंडल सड़क की तस्वीर

अतिक्रमण से बढ़ी परेशानी, विद्यार्थियों को भी खतरा

स्थानीय लोगों के अनुसार, सड़क के दोनों किनारों पर कई लोगों ने कथित रूप से अवैध तरीके से दुकानें लगा रखी हैं। इसके कारण पैदल राहगीरों को सड़क पर चलने के लिए मजबूर होना पड़ता है। स्कूल के समय स्थिति और गंभीर हो जाती है। सड़क किनारे स्थित एक निजी स्कूल और कॉलेज में बड़ी संख्या में विद्यार्थी आते-जाते हैं। आरोप है कि स्कूल के मुख्य द्वार के पास वाहनों की गति नियंत्रित करने के लिए कोई स्पीड ब्रेकर नहीं है। इससे विद्यार्थियों और अभिभावकों को सड़क पार करने में परेशानी होती है।

स्थानीय लोगों का कहना है कि इस मार्ग पर अक्सर दोपहिया वाहनों के बीच दुर्घटनाएं होती रहती हैं। तेज रफ्तार वाहनों के कारण भी हादसे की आशंका बनी रहती है। विद्यार्थियों ने बताया कि स्कूल गेट के सामने स्पीड ब्रेकर नहीं होने से उन्हें हर समय दुर्घटना का डर रहता है।

ट्रैफिक पुलिस तैनात, जल्द समाधान का भरोसा

इलाके के एक व्यवसायी ने कहा कि प्रशासन और सरकार को विद्यार्थियों एवं आम लोगों की समस्या को गंभीरता से लेते हुए सड़क की स्थिति का जायजा लेना चाहिए। स्थानीय लोगों ने अतिक्रमण हटाने, स्पीड ब्रेकर लगाने और यातायात व्यवस्था दुरुस्त करने की मांग की है। वहीं, डायमंड हार्बर पुलिस के एक अधिकारी ने कहा कि इलाके में फिलहाल ट्रैफिक पुलिस की व्यवस्था की गई है। सड़क से जुड़ी समस्याओं को जल्द दूर करने के लिए आवश्यक कदम उठाए जाएंगे।

Google पर सन्मार्ग न्यूज़ पडे →
logo
Sanmarg Hindi daily
sanmarg.in