

सतीश, सन्मार्ग संवाददाता
हुगली : कोन्नगर में टोल वसूली कार्यालय पर बुलडोजर चलाकर ध्वस्त कर दिया गया। उत्तरपाड़ा के भाजपा विधायक दीपांजन चक्रवर्ती स्वयं मौके पर मौजूद रहे और कार्रवाई की निगरानी की। जानकारी के अनुसार, कोन्नगर रेलवे स्टेशन के अंडरपास में लंबे समय से टोल गेट लगाकर वाहनों से शुल्क वसूला जा रहा था। विधायक दीपांजन ने हाल ही में निर्वाचित होने के बाद कोन्नगर नगरपालिका पहुंचकर टोल वसूली की अनुमति से संबंधित दस्तावेजों की मांग की थी। विधायक का आरोप है कि नगरपालिका कोई वैध कागजात प्रस्तुत नहीं कर सकी। विधायक ने बताया कि वर्ष 2008 में अंडरपास में टोल वसूली के लिए लीज दिया गया था, लेकिन बाद में उसका नवीनीकरण नहीं कराया गया। इसके बावजूद वर्षों से टोल वसूली जारी थी। राज्य सरकार की अनुमति के बिना चल रहे सभी टोल बंद करने के निर्देश के बाद विधायक ने पुलिस प्रशासन से टोल वसूली रोकने को कहा था।
विधायक ने यह कहा :
विधायक दीपांजन चक्रवर्ती ने कहा कि उत्तरपाड़ा क्षेत्र में किसी भी प्रकार की अवैध गतिविधि को बर्दाश्त नहीं किया जाएगा। उन्होंने चेतावनी देते हुए कहा कि चाहे अवैध पार्टी कार्यालय हो या अवैध निर्माण, सभी के खिलाफ सख्त कार्रवाई की जाएगी। वहीं, कोन्नगर नगरपालिका के चेयरमैन स्वपन दास ने बताया कि वर्ष 2000 में रेलवे और राज्य सरकार की संयुक्त पहल पर इस अंडरपास का निर्माण हुआ था। जिला परिषद ने इसके रखरखाव की जिम्मेदारी नगरपालिका को सौंपी थी। उन्होंने कहा कि जब राज्य सरकार ने अवैध टोल बंद करने का निर्देश दिया, तब नगरपालिका ने जिला परिषद से इस संबंध में लिखित आदेश की जानकारी मांगी थी, लेकिन अब तक कोई स्पष्ट निर्देश प्राप्त नहीं हुआ है।
कोन्नगर नगर पालिका के चेयरमैन ने कहा :
कोन्नगर नगर पालिका के चेयरमैन स्वपन दास के अनुसार, वर्ष 2008 से यहां टोल वसूली हो रही थी और वर्ष 2022 तक नगर पालिका को इसके बदले सालाना 12 हजार रुपये प्राप्त होते थे। पिछले तीन वर्षों में इस राशि को बढ़ाकर 50 हजार रुपये किया गया था। उन्होंने कहा कि अंडरपास में जलभराव और सफाई व्यवस्था बनाए रखने के लिए नगरपालिका को अतिरिक्त कर्मचारियों की तैनाती करनी पड़ती है।